चंबा। ग्राम पंचायत मैहला के मकडोलू गांव में मंगलवार रात को मकान आग की भेंट चढ़ गया। मकान में लगी आग से घर में रखा सारा सामान भी जलकर राख हो गया है। अग्निकांड में प्रभावित परिवार का करीब दो लाख का नुकसान हुआ है।
जानकारी के मुताबिक मकडोलू निवासी रमेश कुमार पुत्र चतरो राम मंगलवार रात को परिवार के साथ गांव के पास एक जागरण में गया हुआ था। देर रात करीब साढ़े ग्यारह बजे मकान में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग लकड़ी के पूरे मकान में फैल गई। गनीमत यह रही कि आग में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। वहीं, मकान में लगी आग की लपटों को देखकर गांव के अन्य लोग भी मौके पर इकट्ठा हो गए और बर्तनों में पानी भरकर मकान में लगी आग को बुझाना शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने मकान की आग पर काबू पाया। वहीं, ग्रामीणों ने घर में लगी आग को साथ लगते अन्य घरों तक पहुंचने से भी रोका। हालांकि, आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं लग पाया है।
सूचना मिलने के बाद बुधवार को नायब तहसीलदार धरवाला की अगुवाई में संबंधित क्षेत्रीय पटवारी और कानूनगो ने मौके पर पहुंच कर नुकसान का जायजा लिया। साथ ही प्रभावित परिवार को पांच हजार रुपये की फौरी राहत प्रदान की। आग की घटना की सूचना पंचायत प्रधान ने प्रशासन को भी दी। उन्होंने प्रशासन से पीड़ित परिवार को जल्द आर्थिक सहायता देने की मांग उठाई गई। बुधवार को राजस्व विभाग की टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया और नुकसान को लेकर रिपोर्ट तैयार की। प्रभावित परिवार को फौरी राहत के रूप में पांच हजार रुपये की सहायता राशि भी भेंट की।
ग्राम पंचायत प्रधान राधा देवी ने प्रशासन से मांग की है कि रमेश कुमार को अपना घर बनाने के लिए जल्द सहायता राशि दी जाए। उधर, नायब तहसीलदार धरवाला हंसराज ने बताया कि मकडोलू में आग लगने से एक मकान जलकर राख हुआ है। बुधवार को उनकी अगुवाई में पटवारी और कानूनगो ने नुकसान का जायजा लेकर प्रशासन की ओर से पांच हजार रुपये की फौरी राहत प्रदान की।