पूर्व सरकार में शुरू हुआ निर्माण, अब तक शुरू नहीं हो पाया अस्पताल
100 बिस्तरों वाले भवन में सुविधाओं की कमी बनी बाधा
संवाद न्यूज एजेंसी
भरमौर (चंबा)। भरमौर में 26 करोड़ रुपये की लागत से बने नागरिक अस्पताल के नए भवन का उद्घाटन अब तक नहीं हो पाया है। कंटीन समेत कुछ सुविधाओं की कमी के चलते मरीजों को इसका लाभ नहीं मिल रहा है।
पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में शुरू हुआ निर्माण कार्य पूरा होने के बावजूद भवन शुरू न होने से लोगों में नाराजगी है।
स्थानीय निवासी पवन कुमार, चेत राम, सुरेंद्र, देसराज, होशियारा राम, प्रहलाद, विपन कुमार, केवल जरयाल और अजय कुमार ने बताया कि नए भवन में 100 बिस्तरों के साथ आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होनी हैं। पुराने भवन में मरीजों को कई समस्याओं का सामना करना पड़ता है। उन्होंने सरकार और स्वास्थ्य विभाग से नए भवन को जल्द शुरू करने की मांग की है।
बीएमओ डॉ. दिवेश बराल ने बताया कि नए भवन में कुछ कमियां हैं, जिनसे उच्चाधिकारियों को अवगत करवा दिया गया है। कमियां दूर होते ही भवन का उद्घाटन करवाया जाएगा।