क्षेत्रीय अस्पताल चंबा में अव्यवस्था का मामला सामने आया है। यहां से एक गर्भवती महिला को एन वक्त पर टांडा के लिए रेफर कर दिया। दर्द से कराह रही महिला को 108 एंबुलेंस भी नहीं मिली। अस्पताल प्रबंधन ने एनास्थीसिया डॉक्टर के छुट्टी पर होने की बात कही।
इस कारण ऑपरेशन नहीं हो सकता। महिला को टांडा रेफर किया गया। महिला की हालत नाजुक होने के कारण परिजन उसे निजी अस्पताल ले गए। डॉक्टर के न होने से यहां भी महिला को उपचार नहीं मिल सका।अस्पताल प्रबंधन ने गर्भवती महिला के साथ आए लोगों को उसे किसी दूसरे अस्पताल ले जाने की सलाह दी।
अस्पताल में पर्याप्त उपकरण न होने की वजह से चिकित्सक ने महिला को बनीखेत ले जाने की सलाह दी। दोपहर बाद तक महिला के परिजन उसे एक अस्पताल से दूसरे अस्पताल तक ले जाते रहे।
गर्भवती महिला अनु पत्नी बबलू निवासी सामरा, भरमौर ने बताया कि उसे तीन अप्रैल को चंबा अस्पताल लाया गया था। यहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे दाखिल कर लिया। मंगलवार सुबह उसे दर्द शुरू हो गया तो अस्पताल प्रबंधन ने एनास्थीसिया विशेषज्ञ के छुट्टी पर होने की बात कही और टांडा ले जाने की सलाह दी। एंबुलेंस भी नहीं मिली। परिजन महिला को अस्पताल से चौगान तक ले आए। यहां महिला की हालत ज्यादा खराब हो गई। परिजन उसे लेकर एक के बाद एक निजी अस्पताल की खाक छानते रहे।
....
छुट्टी पर हैं विशेषज्ञ : डॉ. जीवानंद चौहान
अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. जीवानंद चौहान ने बताया कि डॉक्टर के छुट्टी पर होने की वजह से दिक्कत आई है। एनस्थीसिया विशेषज्ञ दो दिन तक छुट्टी पर हैं। बिना उनके ऑपरेशन नहीं हो सकते हैं। एंबुलेंस न मिलने की जांच की जाएगी।
...
टांडा गई थी एंबुलेंस : प्रभारी
एंबुलेंस 108 के चंबा प्रभारी सचिन का कहना है कि चंबा अस्पताल में एक ही रेफरल एंबुलेंस है जो मंगलवार को मरीज लेकर टांडा गई थी। इसकी वजह से एंबुलेंस नहीं मिल पाई। एक बार टांडा एंबुलेंस जाती है तो उसके वापस अस्पताल पहुंचने में कम से कम 12 घंटे लग जाते हैं।
000