चंबा। तीस सितंबर 2019 को 14 साल का कार्यकाल पूरा करने वाले 15 अंशकालीन जलवाहकों को होली के त्योहार का तोहफा मिला है। शिक्षा विभाग ने इन अंशकालीन जलवाहकों को चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पदों पर नियमित कर दिया है। इस संदर्भ में उच्च शिक्षा विभाग चंबा ने शनिवार को अधिसूचना जारी कर दी है। आदेशों के मुताबिक अंशकालीन जलवाहकों से नियमितीकरण के बाद चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को अन्य जगह अपनी ज्वाइनिंग देनी होगी। नियमितीकरण के आदेशों के बाद उन्हें नए संस्थान की भी सूचना दी गई है।
आदेश जारी होने के 15 दिनों के भीतर निर्धारित शिक्षण संस्थान में ज्वाइन करना होगा। इस मामले में लेटलतीफी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं होगी। जानकारी के मुताबिक गुड्डो को हाई स्कूल पंजोह, सुरेश कुमार को सीनियर सेकेंडरी स्कूल बाथरी, किश्नी देवी को मउआ, रेश्मा देवी को मिडल स्कूल ककरोटी, चमनी देवी को मंगली, गोहरू देवी को सीनियर सेकेंडरी स्कूल गरनोटा, रोशन लाल को हाई स्कूल कंदला, भुवन सिंह को सीनियर सेकेंडरी स्कूल धरवास, बुद्धि राम को सीनियर सेकेंडरी स्कूल गर्ल्स भरमौर, गोपाल सिंह को उलांसा, गुरमन दोरजे को पज्जा, करतार सिंह को रक्कड़, गुड्डी को साहली, मान चंद को गर्ल्स हॉस्टल भरमौर और जगदीश कुमार को हिलौर में नियमितीकरण के बाद तैनाती मिली है।
उच्च शिक्षा उपनिदेशक देवेंद्र पाल ने यह जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि 15 अंशकालीन जलवाहकों को चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के तौर पर नियमित किया गया है। निर्धारित अवधि में सभी को ज्वाइन करना होगा।