चंबा। स्वास्थ्य विभाग की खाद्य सुरक्षा टीम ने शनिवार को साहो क्षेत्र में खाद्य पदार्थों के सैंपल भरे। टीम ने सहायक आयुक्त सविता ठाकुर और जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक आनंद की अगुवाई में साहो क्षेत्र में बेचे जा रहे खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने के लिए सैंपल लिए। टीम ने नमकीन, तेल सहित अन्य नौ खाद्य पदार्थों के सैंपल एकत्रित किए। इन सैंपलों को जांच के लिए विभाग की प्रयोगशाला में भेजा गया है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद विभाग आगामी कार्रवाई करेगा।
जांच में अगर कोई सैंपल फेल पाया जाता है तो उस खाद्य पदार्थ की गुणवत्ता में सुधार लाने के लिए संबंधित दुकानदार को नोटिस दिया जाएगा। खाद्य पदार्थों के सैंपल भरने के साथ ही टीम ने दुकानों में सफाई व्यवस्था का भी जायजा लिया। इस दौरान दुकानदारों को दुकानों में सफाई व्यवस्था सुदृढ़ बनाने के आदेश दिए गए। दुकानदारों को कहा गया कि वे अपनी दुकानों में बासी सामान न बेचें। इससे लोगों की सेहत पर बुरा असर पड़ सकता है।
हलवाइयों को मिठाइयों पर उसके निर्माण की तिथि अंकित करने के निर्देश दिए गए। सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा सविता ठाकुर ने बताया कि साहो क्षेत्र में नौ खाद्य पदार्थों के सैंपल लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला में भेजे गए हैं। ये सैंपल सर्विलांस के लिए एकत्रित किए गए हैं। सैंपल की रिपोर्ट आने के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।