चंबा। बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचारों के खिलाफ सनातन हिंदू रक्षा मंच ने आक्रोश रैली निकाली। इस दौरान सैकड़ों की संख्या में जुटी लोगों की भीड़ ने जिला मुख्यालय में जमकर प्रदर्शन किया। इस दौरान बांग्लादेश के खिलाफ जमकर नारेबाजी की तो साथ ही जिहादी मानसिकता के खिलाफ भी हल्ला बोला गया। मंच के संयोजक नितिन गुप्ता और सहसंयोजक वंदना चड्ढा, दशनाम जूना अखाड़ा चंबा के महंत यतेंद्र गिरी ने रैली को संबोधित किया।
इस आक्रोश रैली में विभिन्न धार्मिक संगठनों के अलावा साधु समाज ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई। चंबा के ऐतिहासिक लक्ष्मी नारायण मंदिर से यह आक्रोश रैली निकाली गई और मुख्य बाजार में पहुंची। इसके बाद संगठनों के सदस्यों ने मुख्य चौक पर धरना दिया। आधे घंटे तक मुख्य चौक पर धरना देने के बाद रैली उपायुक्त कार्यालय रवाना हुई। जहां पर जमकर नारेबाजी हुई। एसी टू डीसी को ज्ञापन सौंपने के बाद रैली वापस बाजार की तरफ रवाना पहुंची। यहां हिंदू रक्षा मंच के संयोजक नितिन गुप्ता ने बताया कि जिस प्रकार से बांग्लादेश में हिंदुओं की हत्या की जा रही है। हिंदू देवी-देवताओं के मंदिरों को खंडित किया जा रहा है। उसको लेकर हिंदू समाज ज्यादा देर तक चुप नहीं रहेगा। इसके लिए देश की सरकारों को बांग्लादेश में हस्तक्षेप करना चाहिए।