उपतहसील होली की गरोला पंचायत में विद्युत वोल्टेज बढ़ने से लाखों रुपयों के विद्युत उपकरण जल गए हैं।
पूरी गरोला पंचायत में सबसे ज्यादा नुकसान ब्योटि गांव में हुआ है। जिसके चलते यहां के बाशिंदों में विद्युत बोर्ड के खिलाफ रोष फैल गया है। इसी तरह केे मामले पहले भी इस क्षेत्र में सामने आ चुके हैं। यह तो भगवान की गनीमत रही कि इसकी चपेट में आने से कोई हताहत नहीं हुआ।
उधर मामला पेश आने के बाद विद्युत बोर्ड के हाथ खड़े हो गए हैं। इस हाई वोल्टेज ने शंकर दुकानदार, संजू फोटोस्टेट, अनिल कुमार, सुभाष इलेक्ट्रॉनिस, मनोहर, राकेश प्रिंटर सहित लोगों के घरों में रखे विद्युत उपकरणों को नष्ट कर दिया है।
जिसमें एलसीडी, सीसीटीवी, इंडक्शन चूल्हे, टीवी, स्पीकर, स्टीरियो सेट, एलईडी बल्ब, फ्रिज व मोबाइल इत्यादि शामिल हैं। यह वारदात उस समय पेश आई जब वीरवार शाम चार बजे के करीब गरोला में सभी लोग अपने दैनिक कार्यों में व्यस्त थे। अचानक लोगों के व्यवसायिक स्थलों व घरों में विद्युत वायरिंग ने विद्युत का प्रवाह बढ़ गया। जिससे विद्युत सॉकेट के साथ लगे विद्युत उपकरण जल गए। लिहाजा लोगों ने विद्युत बोर्ड से इस नुकसान की भरपाई करने की मांग की है। वहीं इस समस्या का हल स्थायी रूप से करने को कहा।
बोर्ड की टीम ने किया दौरा : एसडीओ
सुरेश कुमार एसडीओ भरमौर विद्युत बोर्ड ने बताया कि वोल्टेज बढ़ने से यहां के तीन ट्रांसफार्मर चपेट में आए हैं। यह वोल्टेज हिम ऊर्जा के प्रोजेक्ट में तकनीकी खराबी आने की वजह से बढ़ी थी। लिहाजा इस बारे में विद्युत बोर्ड द्वारा हिम ऊर्जा को चेता दिया गया है। बोर्ड की टीम ने भी प्रभावित क्षेत्र का दौरा कर लिया है।