एक साल में चांदी 50 हजार और सोना 26 हजार रुपये तक महंगा, ग्राहक हल्के गहनों से चला रहे काम
एडवांस बुकिंग में तेजी नहीं, दाम घटने के इंतजार में खरीदारी टाल रहे लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। त्योहार पर सोना-चांदी खरीदने की परंपरा है, लेकिन इस बार महंगाई ने ग्राहकों के खरीदारी बजट को बिगाड़ दिया है। चंबा के सराफा बाजार में त्योहारी सीजन के बावजूद गहनों की खरीद में खास तेजी नहीं दिख रही।
ग्राहक दुकानों तक पहुंच रहे हैं, लेकिन कीमत पूछने के बाद जरूरत और जेब के हिसाब से ही खरीदारी कर रहे हैं। कारोबारियों के मुताबिक एडवांस बुकिंग में भी अपेक्षित उछाल नहीं आया है।
पिछले साल के मुकाबले सोने और चांदी के भाव में बड़ी बढ़ोतरी हुई है। ऐसे में भारी आभूषणों के बजाय हल्के और कम वजन वाले गहनों की ओर ग्राहकों का रुझान बढ़ा है। कुछ लोग कीमतों में और गिरावट आने की उम्मीद में खरीदारी टाल रहे हैं, जबकि जरूरतमंद ग्राहक सीमित बजट में गहने पसंद कर रहे हैं।
आभूषण कारोबारी सुनील कुमार ने बताया कि सोने-चांदी के भाव में उतार-चढ़ाव का सीधा असर ग्राहकों के फैसलों पर पड़ता है। बाजार में आवाजाही सामान्य है, लेकिन एडवांस बुकिंग में फिलहाल खास तेजी नहीं है। रमेश शर्मा ने बताया कि सोने के दाम में कमी आने के बावजूद बुकिंग में अपेक्षित बढ़ोतरी नहीं हुई है। कारोबारियों को उम्मीद है कि आगामी दिनों में त्योहारों और शादी-विवाह के सीजन से मांग बढ़ सकती है।
एक साल में कितने बढ़े दाम
धातु
पिछले साल
इस साल
बढ़ोतरी रुपये में
22 कैरेट सोना (10 ग्राम)
1,09,000
1,35,000
26,000
24 कैरेट सोना (10 ग्राम)
1,19,000
1,45,000
26,000
चांदी (एक किलोग्राम)
1,49,000 1,99,000
50,000
-
नोट: दिए गए भावों के अनुसार पिछले साल के मुकाबले सोने और चांदी की कीमतों में बढ़ोतरी हुई है।