चंबा। नगर परिषद की ओर से शहर को स्वच्छ रखने के लिए शुरू किया गया विशेष सफाई अभियान हकीकत में पूरी तरह दिखावटी साबित हो रहा है। सभी वार्डाें और भरमौर चौक के पास कचरे के ढेर हैं। इस बारे में लोगों ने बताया कि अभियान सिर्फ फाइलों में हैं और अधिकारी जांच के नाम पर फोटों खिंचवाने आते हैं।
भरमौर चौक में कई दिन से कचरा जमा है और कचरे से भरी गाड़ी भी वहीं खड़ी रहती है। इससे राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दुर्गंध के कारण लोगों का वहां रुकना मुश्किल हो गया है। स्थानीय निवासी अमन कुमार ने बताया कि सफाई अभियान के नाम पर अधिकारी कभी-कभार मौके पर पहुंचते हैं, कर्मचारियों के साथ फोटो खिंचवाते हैं और फिर अभियान को सफल बताकर लौट जाते हैं। इसके बाद न तो नियमित सफाई होती है और न ही कचरे का समय पर निस्तारण। कई वार्डों में सफाई कर्मचारी या तो कम संख्या में हैं या फिर कई दिनों तक नजर ही नहीं आते।
वहीं, सुशील कुमार ने बताया कि हाल ही में नगर परिषद ने सुल्तानपुर और हरदासपुरा वार्ड में सफाई अभियान चलाया, लेकिन जिस जगह सफाई की गई उसी जगह कचरे के ढेर लगे हुए हैं।
जगदीप सिंह का कहना है कि कई बार मौखिक और लिखित शिकायतें दीं, हल नहीं हुआ।
गोपाल महाजन ने बताया कि गंदगी के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है, जिससे डेंगू, मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा भी मंडरा रहा है। कुलदीप कुमार और अन्य ने प्रशासन और नगर परिषद से मांग की है कि सफाई अभियान को सिर्फ कागजों और फोटो तक सीमित न रखा जाए बल्कि जमीनी स्तर पर नियमित निगरानी तय की जाए।
सफाई अभियान चलाया जा रहा है। ठेकेदारों को निर्देश देकर नियमित रूप से हर वार्डों में सफाई करवाई जाएगी। नीलम नैयर, अध्यक्ष नगर परिषद