चंबा वेलफेयर एसोसिएसन की बैठक का आयोजन ईरावती होटल में हुआ। जिसकी अध्यक्षता एसोसिएसन के प्रधान आरके महाजन ने की। बैठक के दौरान चंबा के ज्वलंत मुद्दों पर चर्चा की गई। महाजन ने बताया कि चंबा मेडिकल कॉलेज का कार्य काफी समय से लंबित पड़ा है। जिसको लेकर सभी सदस्यों ने रोष प्रकट किया।
उन्होंने सरकार से मांग करते हुए कहा कि चंबा मेडिकल कॉलेज शुरू किया जाए ताकि चंबा वासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय अस्पताल चंबा में डॉक्टरों की कमी पूरा होने का नाम नहीं ले रही है। हाल ही में एक दवा विशेषज्ञ का स्थानांतरण हो गया है। दूसरे दवा विशेषज्ञ के छुुट्टी पर जाने से मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से मांग करते हुए कहा कि टांडा मेडिकल कॉलेज से क्षेत्रीय अस्पताल चंबा के लिए डॉक्टरों का प्रबंध किया जाए।
उन्होंने कहा कि ईरावती होटल के बाहर लगी रेहड़ी-फड़ी को तुरंत हटाया जाए। वहां पर स्कूली बच्चों को बस में चढ़ने व उतरने के लिए स्थान खाली करवाया जाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा बाजार में शाम के समय नो ट्रैफिक जोन सिस्टम काफी सराहनीय कदम है। इसे स्थायी किया जाना चाहिये। इस मौके पर तेज सिंह, चैन लाल शर्मा, धर्म पाल, मदन कुमार, विश्व नाथ, ओम प्रकाश, किशोरी लाल, विजय नैय्यर, सुरेश कश्मीरी, देवी प्रसाद, दर्शन मैहता, ऐके भारद्वाज, बलदेव शर्मा सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।