लोग सस्ती दरों पर करवा सकेंगे 60 मेडिकल टेस्ट, निजी लैब में लगते हैं 7000 रुपये
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को रोग मुक्त बनाने के उद्देश्य से शुरू की अनूठी पहल
प्रदर्शनी स्टॉल में लैब तकनीशियन लेंगे खून सैंपल, मोबाइल पर मिलेगी जांच रिपोर्ट
मिंजर मेला घूमने के साथ अपने स्वास्थ्य जांच कराने को लोगों को मिला अवसर
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। मिंजर मेले में पहली बार लोग 7000 रुपये में होने वाले 60 प्रकार के टेस्ट 1500 रुपये में करवा पाएंगे। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने प्रदर्शनी स्टॉल में लैब तकनीशियन सहित अन्य स्टॉफ को नियुक्त किया है।
ये सैंपल लेकर लैब में भेजने की व्यवस्था करेंगे। लोगों को अपने टेस्ट करवाने के लिए सरकारी या निजी लैबों के बाहर लंबी कतारों में लगने की जरूरत नहीं है। मिंजर मेले में घूमने के साथ वे अपनी स्वास्थ्य जांच भी करवा सकते हैं। विभिन्न बीमारियों का पता लगाने के लिए सबसे जरूरी 60 प्रकार के टेस्ट लोग करवा सकते हैं। निजी लैब में जाने पर उन्हें इसके 7000 रुपये चुकाने पड़ते हैं लेकिन प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की अनूठी पहल लोगों के लिए काफी लाभदायक साबित हो सकती है।
स्टाफ खून के नमूने लेकर क्रस्ना लैब में देगा। वहां नमूनों की जांच होगी। संबंधित व्यक्ति के फोन पर जांच रिपोर्ट स्वयं पहुंच जाएगी। हार्ड कॉपी अगले दिन उसी स्टॉल में जाकर ली जा सकती है। इतना ही नहीं, बीपी और शुगर सहित अन्य गैर संचारी रोगों की जांच मुफ्त की जा रही है। मिंजर मेले में जिले भर से लोग घूमने के लिए आते हैं। ऐसे में उन लोगों को अपनी स्वास्थ्य जांच करवाने के उद्देश्य से विभाग ने पहली बार यह सुविधा मुहैया करवाई है। जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. करण हितैषी ने बताया कि जिन लोगों को इसके बारे में पता लग रहा है कि वे अपनी जांच करवाने के लिए पहुंच रहे हैं।
उधर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर जालम सिंह भारद्वाज ने बताया कि मिंजर मेले में लोग अपने स्वास्थ्य की भी जांच करवा सकें, इसलिए यह व्यवस्था की गई है। सस्ती दर पर व्यक्ति अपने शरीर के सभी जरूरी अंगों की जांच करवा सकते हैं।