चंबा। चंबा में कोरोना के दो नए एक्टिव केस सामने आए हैं। इसके साथ ही तीन कोरोना संक्रमित स्वस्थ भी हुए हैं। दुबई और केरल से चंबा लौटे दो युवकों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। इन दोनों युवकों को स्वास्थ्य विभाग ने कोविड केयर सेंटर बालू में शिफ्ट कर दिया है। दुबई से लौटा युवक चुवाड़ी में पेड क्वारंटीन में रह रहा था। जबकि केरल से लौटा युवक होम क्वारंटीन किया गया था। शुक्रवार को इन दोनों युवकों के सैंपल स्वास्थ्य विभाग ने जांच को पीसीआर लैब भेजे थे। पीसीआर लैब में सैंपलों की पूरी बारीकी के साथ जांच हुई। जांच के दौरान दोनों युवकों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके चलते स्वास्थ्य विभाग ने दोनों युवकों को रविवार सुबह एंबुलेंस में कोविड केयर सेंटर बालू में शिफ्ट किया गया। जहां पर आगामी दस दिनों तक उन्हें चिकित्सीय निगरानी में रखा जाएगा। दस दिनों के बाद दोबारा से रिपीट सैंपल लेकर जांच को भेजे जाएंगे।
वहीं कोविड केयर सेंटर बालू से भी शुक्रवार को तीन रिपीट सैंपल जांच को पीसीआर लैब में भेजे गए थे। इन तीनों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। अब ये तीनों व्यक्ति स्वस्थ हो चुके हैं। रविवार को इन तीनों को विभाग ने घर भेज दिया। स्वस्थ होने वाले मरीजों में 17 वर्षीय द्रड्डा निवासी युवक, सालवां निवासी 47 वर्षीय व्यक्ति व पचास वर्षीय मसरूंड निवासी व्यक्ति हैं। जोकि अब ठीक हो चुके हैं। इसलिए उन्हें घर भेज दिया गया है। चंबा जिला में अब तक कोरोना के 61 मामले सामने आए हैं। इसमें 51 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। जबकि मौजूदा समय में कोविड केयर सेंटर में मात्र नौ कोरोना संक्रमित मरीज हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर राजेश गुलेरी ने बताया कि चंबा में कोरोना के दो नए एक्टिव केस सामने आए हैं। इसके साथ तीन कोरोना मरीज स्वस्थ भी हुए हैं। एक्टिव केस को कोविड केयर सेंटर में शिफ्ट किया गया है। जबकि स्वस्थ होने वाले लोगों को घर भेजा गया है।