साहो (चंबा)। ग्राम पंचायत चंबी के अधीन आने वाले साल खड्ड, भटाट, पालेड़, कटण नाले में भारी बारिश से पुलियां बह गई हैं। इस कारण विद्यार्थियों को स्कूल पहुंचने में कठिनाई हो रही है। पंचायत के तहत आते गांव रडू, गुण, टटण, गौण, बगड़ा, भटाड, कुंडा, छतेल, अभोल, तलेसा, टिपरा, नाग, मंडोलू के स्कूली बच्चों को प्राथमिक पाठशाला जड़ेरा और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जड़ेरा पहुंचने के लिए 8 से 9 किमी अतिरिक्त सफर तय करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि चंबी पंचायत के नालों पर जगह-जगह पुलिया बह गई हैं। जिससे खाद्य सामग्री समेत अन्य सामान घरों तक पहुंचाना ग्रामीणों के लिए चुनौती बन गया है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से प्राथमिकता के आधार पर नई पुलियों का निर्माण करवाने की मांग उठाई है।
टटण, गौण गांवों को रडू, गौण गांवों से जोड़ने के लिए साल खड्ड पर बनी एक पुली बह गई है। दूसरी पुली क्षतिग्रस्त हो चुकी है जिससे आना-जाना जिंदगी जोखिम मेें डालने से कम नहीं हैं। बच्चों को स्कूल पहुंचने को अब अतिरिक्त सफर तय करना पड़ रहा है।
-अनिल शर्मा, स्थानीय ग्रामीण
-
बीते दिनों हुई मूसलाधार बारिश से साल खड्ड, भटाट, पालेड़, कटण नाले में पुलियों बह गई हैं जबकि दो पुलिया क्षतिग्रस्त हुई हैं। पुलियां न होने से अब स्कूली बच्चों को 9 किलोमीटर सफर तय कर स्कूल पहुंचना पड़ रहा है। प्रशासन प्राथमिकता के आधार पर नई पुलियां बनाए।
-पवन कुमार, कार्यवाहक प्रधान, चंबी पंचायत।
भारी बारिश ने चंबी पंचायत में बनी पुलियों को बहा दिया है। अब आने-जाने के लिए रास्ता न होने के कारण ग्रामीणों को अतिरिक्त सफर तय कर सड़क तक पहुंचना पड़ रहा है।
-मान सिंह, स्थानीय ग्रामीण
-
जिला प्रशासन को चंबी पंचायत में हुए नुकसान का आकलन करने के बाद पुलियों का निर्माण करवाने के लिए प्रयास करना चाहिए। अन्यथा बच्चों को शिक्षा हासिल करना काफी जटिल हो जाएगा।
-रोशनदीन, स्थानीय ग्रामीण।