चंबा। अष्टमी की सुबह 6 बजे से भद्रकाली माता के भलेई मंदिर परिसर में हवन पाठ शुरू होगा, जबकि नौ बजे पूर्णाहुति डाली जाएगी। कन्या पूजन के बाद भंडारे का आयोजन किया जाएगा। गौरतलब है कि मंदिर में 32 सालों से भंडारे का आयोजन किया जा रहा है। पावन नवरात्रों के उपलक्ष्य में मंदिर को रंग-बिरंगे फूलों और इलेक्ट्रॉनिक लाइटों से सजाया गया है। मंदिर में रोजाना जिले सहित बाहरी जिलों से भी भारी संख्या में श्रद्धालु मां का आशीर्वाद लेने के लिए पहुंच रहे हैं।
माता के दरबार में शुक्रवार को चार हजार श्रद्धालुओं ने माथा टेका। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की कोई दिक्कत न हो, इसके लिए मंदिर कमेटी ने पहले ही सभी विभागों के सहयोग से व्यवस्थाएं कर रखी हैं। मंदिर परिसर को जाने वाले रास्ते के पास ही वाहन पार्क करने की व्यवस्था है। श्रद्धालुओं की भीड़ को व्यवस्थित करने के लिए पुलिस विभाग की ओर से 30 कर्मचारी चप्पे-चप्पे पर तैनात किए गए हैं। सीसीटीवी कैमरों से भी हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। मंदिर कमेटी के प्रधान कमल ठाकुर ने बताया कि अष्टमी के दिन मंदिर में माता के गूर से सबकी शांति की कामना की अरदास की जाएगी।