चंबा। गुल्यानी से शहर के लिए बिछाई गई मुख्य पेयजल लाइन टूटने से शहर में सोमवार को पेयजल आपूर्ति बाधित रही। इस वजह से शहर के हजारों उपभोक्ताओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
लोगों को मजबूरी में प्राकृतिक स्रोतों का रुख करना पड़ा। जलशक्ति विभाग ने मुख्य पेयजल लाइन टूटने को लेकर लोनिवि को जिम्मेवार ठहराते हुए नोटिस जारी कर दिया है। नोटिस में लोनिवि को बार-बार पेयजल लाइन को नुकसान पहुंचाने को लेकर चेताया गया है।
विभागीय अधिकारियों को मानें तो जीआई पाइपलाइन को दुरुस्त करने के लिए दो दिन का समय लग सकता हैं। ऐसे में शहर के उपभोक्ताओं को आने वाले दिनों में भी पेयजल किल्लत का सामना करना पड़ सकता है।
जलशक्ति विभाग के अधिकारियों की मानें तो बरौर से आगे लोनिवि के ठेकेदार ने मलबा फेंककर मुख्य पेयजल लाइन को क्षतिग्रस्त कर दिया है। मुुख्य पेयजल लाइन टूटने से शहर में पेयजल की आपूर्ति ठप हो गई है।
इसकी सूचना मिलने के बाद विभागीय टीम और लेबर मौके पर पहुंच गई है। इसके साथ ही पेयजल दरुस्त करने का काम शुरू किया।
जल शक्ति विभाग के अनुसार ठेकेदार के बार-बार पेयजल की मुख्य लाइन को क्षति पहुंचाने के मामले को देखते हुए लोनिवि को नोटिस जारी किया गया है। उन्होंने कहा कि ठेकेदार की लापरवाही शहर की पांच हजारों की आबादी को दिक्कतें झेलनी पड़ रही है।
गुल्यानी से इन टैंकों को होती है पेयज
ल आपूर्ति
शहर स्थित बज्रेश्वरी मंदिर में 16.50 लाख लीटर, 4.50 लाख लीटर, 50 हजार लीटर, 3 लाख लीटर, चामुंडा देवी मंदिर के साथ 4.50 लाख लीटर, सूही मढ़ के पास 7.50 लाख लीटर के पानी के स्टोरेज टैंकों स्थापित हैं।
इन स्टोरेज टैंकों में गुल्यानी मुख्य स्रोत से पानी पहुंचने के बाद स्टोर किया जाता है। शहर में प्रति दिन 60 लाख लीटर पानी की आवश्यकता रहती है। इसकी एवज में जल शक्ति विभाग दो समय सुबह और शाम 80 लाख लीटर पानी की सप्लाई करता है। ऐसे में अब मुख्य पेयजल लाइन टूटने से पेयजल उपभोक्ताओं सहित विभाग की भी मुसीबतें बढ़ गई है।
इनसेट
जलशक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता दिनेश कपूर ने बताया कि लोनिवि के ठेकेदार के सड़क का मलबा फेंकने से पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त हुई है।
इसको लेकर विभाग को नोटिस जारी कर ठेकेदारों पर नकेल कसने के बारे में चेताया गया है। बरौर के पास टूटी पेयजल लाइन को दुरुस्त करने के कार्य में विभागीय कर्मचारी डटे हैं। जल्द इसकी मरम्मत करवा दी जाएगी।