डलहौजी (चंबा)। जिला रोजगार कार्यालय के तत्वावधान में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला गरंगड़ में कॅरिअर परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। भविष्य सेतु एक पहल सुनहरे भविष्य की थीम विषय पर इस शिविर में एसडीएम डलहौजी अनिल भारद्वाज ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेते हुए विद्यार्थियों को जीवन में सफल होने के टिप्स दिए। उन्होंने कहा कि कॅरिअर के चुनाव को लेकर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करना बहुत महत्वपूर्ण है, क्योंकि यह उनके भविष्य को आकार देने में मदद करता है। इस विषय पर विद्यार्थियों को जानकारी और जागरूकता को लेकर शिक्षकों व अभिभावकों को भी गंभीरता दिखानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि कॅरियर चुनाव के लिए विद्यार्थियों को अपनी रुचियों, क्षमताओं और मूल्यों को समझने के लिए आत्म-मूल्यांकन करना चाहिए। इससे उन्हें अपने कॅरिअर के लक्ष्यों को निर्धारित करने में मदद मिलेगी। जिला रोजगार अधिकारी चंबा अरविंद सिंह चौहान ने विद्यार्थियों को आईएएस, आईपीएस, आईआरएस और आईएफएस सहित अन्य विकल्पों के बारे में बताने के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं को उत्तीर्ण करने के टिप्स भी दिए। उन्होंने विद्यार्थियों को अच्छा नागरिक बनने के लिए प्रेरित भी किया। उन्होंने विद्यार्थियों के प्रश्नों का उत्तर देकर उनकी जिज्ञासाओं को भी शांत किया। इस अवसर पर युवा विशेष तनु भाटिया, कृषि उपनिदेशक डॉ. कुलदीप धीमान समेत अन्य अधिकारियों ने भी छात्र-छात्राओं को कॅरिअर के बारे में जरूरी टिप्स दिए। इससे पहले स्कूल प्रबंधन की ओर से मुख्यातिथि को सम्मानित किया। इस मौके पर स्कूल का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।