चंबा। जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों में फल और हरी सब्जियां उगाई जाएंगी। आंगनबाड़ी केंद्रों में पोषण वाटिकाओं का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी ने आंगनबाड़ी केंद्रों को निर्देश जारी किए हैं।
ऐसे आंगनबाड़ी केंद्र, जहां जगह है, वहां पोषण वाटिका का निर्माण होगा। विभाग की इस तरह की पहल का मकसद नौनिहालों को पोषित आहार के बारे में जागरूक करना है। अभिभावकों से भी आह्वान किया है कि वे अपने नौनिहालों को जंक फूड के बजाय पोषित आहार की व्यवस्था करें।
विभाग की ओर से पोषण अभियान के तहत नौनिहालों का वजन, लंबाई जांची जा रही है। अभिभावकों को भी पोषित आहार के बारे में जागरूक किया जा रहा है। सही पोषण में स्थानीय सब्जी और फलों को शामिल करने के लिए निर्देशित किया है। प्रशासन ने भी कुपोषण से निपटने के लिए विभाग को जरूरी दिशा निर्देश दिए हैं। गौरतलब है कि जिले में करीब 350 आंगनबाड़ी केंद्रों के पास अपने भवन हैं। विभाग ने इन आंगनबाड़ी केंद्रों को पोषण वाटिका बेहतर ढंग से बनाने के निर्देश दिए हैं। पोषण वाटिका को लेकर विभागीय अफसर निरीक्षण भी करेंगे। महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी राकेश चौधरी ने बताया कि जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों को पोषण वाटिका निर्माण के निर्देश दिए गए हैं। कहा कि इस निगरानी भी संबंधित आंगनबाड़ी केंद्र स्टाफ करें।