चंबा। जिला चंबा में पहली बार हर जिला परिषद के दो साल में हुए कार्यों की समीक्षा होगी। जिला परिषद अध्यक्ष चंबा नीलम कुमारी ने यह पहल की है।
बैठकों में जिला परिषद सदस्य सहित इसके तहत आने वाली पंचायतों के पंचायत सचिव, तकनीकी सहायक और ग्राम रोजगार सेवक भाग लेंगे। वार्ड स्तर पर इस तरह की बैठक करने का मकसद पंचायतों में विकास कार्यों को गति देना है। अब जिला चंबा के तहत आने वाले समस्त जिला परिषद वार्डाें की वार्ड स्तर पर बैठकें होंगी। बैठक में हर पंचायत में रुके पड़े कार्याें के कारणों की पड़ताल की जाएगी। पता लगाया जाएगा कि यह कार्य किन कारणों से रुके हैं। दरअसल, बीते बुधवार को बख्तपुर वार्ड में जिला परिषद अध्यक्ष ने दो सालों के कार्यों की समीक्षा की। इसमें यह बात सामने आई कि काफी विकास कार्य रुके पड़े हैं। ये काम तय समय में शुरू तो हुए हैं, मगर आज तक पूरा नहीं हो पाए हैं। कुछ कार्य बजट की कमी तो कुछ कार्य तकनीकी कारणों के चलते पूरे नहीं हो पाए हैं। बहरहाल, जिला परिषद अध्यक्ष ने इन कार्यों की समीक्षा करने का यह निर्णय लिया है।
कोट
जिला परिषद अध्यक्ष नीलम कुमारी ने बताया कि विकास कार्य न रुकें, इसके लिए भरपूर प्रयास किए जा रहे हैं। वार्ड स्तर पर बैठकें होंगी। इससे यह पता लग जाएगा कि किन कारणों के चलते विकास कार्य पूरे नहीं हो पाए हैं।
नगर परिषद में आते हैं ये वार्ड
जिला परिषद चंबा में करयास, सनवाल, चांजू, खणी, सुनारा, बख्तपुर, सनूह, चकलू, सरोल, करियां, उदयपुर, बनेट, समोट, मोतला, बनीखेत, करवाल, किलोड़ और ब्याणा वार्ड हैं। जिला परिषद अध्यक्ष बख्तपुर वार्ड से हैं।