भत्यूंड घार में सड़क से नीचे खाई में गिरी गाड़ी, घायल चालक उपचार के बाद सुरक्षित
संवाद न्यूज एजेंसी
सलूणी (चंबा)। चंबा-सलूणी मार्ग पर भत्यूंड घार के पास किराना के सामान से भरी पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरी।
हादसे के दौरान चालक ने समय रहते चलती गाड़ी से छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान बच गई। हालांकि, चालक को चोटें आईं। मेडिकल कॉलेज चंबा में उपचार के बाद उसकी हालत सुरक्षित बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार पिकअप पठानकोट से किराना का सामान लेकर सलूणी की ओर आ रही थी। भत्यूंड घार के पास चढ़ाई चढ़ते समय अचानक वाहन अनियंत्रित हो गई। चालक मोहन निवासी पठानकोट ने गाड़ी को संभालने का प्रयास किया, लेकिन वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे लुढ़क गया। इससे पहले चालक ने गाड़ी से छलांग लगा दी।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस थाना किहार के एसएचओ जगवीर सिंह के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के बाद घायल चालक को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज चंबा पहुंचाया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि हादसे में चालक घायल हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।