बन्नू पहाड़, लुड्डू और करडवेही के वन क्षेत्र आग की चपेट में, वन संपदा को नुकसान
कहीं वन विभाग ने संभाला मोर्चा तो कहीं ग्रामीणों ने बचाया दो साल पुराना पौधरोपण
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। चंबा के जंगलों पर आग का खतरा मंडराने लगा है। जिला मुख्यालय के आसपास तीन वन क्षेत्रों में आग की घटनाओं ने वन संपदा और वन्य जीवों के प्राकृतिक आवासों को संकट में डाल दिया।
बन्नू पहाड़ में मंगलवार रात से शुरू हुआ आग का सिलसिला बुधवार को लुड्डू और करडवेही तक पहुंच गया। कहीं वन विभाग की टीम आग बुझाने में जुटी रही तो कहीं ग्रामीणों ने खुद मोर्चा संभालकर हरियाली को राख होने से बचाया।
मंगलवार रात करीब नौ बजे बन्नू पहाड़ के जंगल में आग भड़क उठी। लपटों ने देखते ही देखते वन क्षेत्र के बड़े हिस्से को घेर लिया। बुधवार सुबह वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन किया। इसी बीच दोपहर करीब 12 बजे लुड्डू के साथ लगते जंगल में भी आग लग गई। दूर तक उठते धुएं के बाद शाम को वन कर्मचारी स्थानीय लोगों के साथ आग बुझाने में जुट गए।
उधर, ग्राम पंचायत बैली के करडवेही गांव के साथ लगते वन क्षेत्र में आग ने दो साल पुराने पौधरोपण को खतरे में डाल दिया। दुआरु नामक स्थान पर वन विभाग की ओर से तैयार की गई पौधरोपण साइट को बचाने के लिए राकेश, केवल, पवनो देवी सहित अन्य ग्रामीण एकजुट हुए। सामूहिक प्रयासों से आग पर काबू पाया गया और रोपित पौधे जलने से बच गए।
लगातार आग की घटनाओं से चिंतित ग्रामीणों ने जंगलों को नुकसान पहुंचाने वालों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की मांग की है। मुख्य वन अरण्यपाल राकेश कुमार ने बताया कि आग लगाने वालों को पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। उनके खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई जाएगी। उन्होंने लोगों से जंगलों की सुरक्षा में सहयोग देने की अपील की है।