किहार (चंबा)। खाद्य आपूर्ति विभाग की टीम ने डांड में दबिश देकर डिपो से दाल के सैंपल भरे हैं। विभाग के दो निरीक्षकों ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। दो दिन पहले डिपो में कीड़े वाली दाल उपभोक्ताओं को देने का का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।
इसको लेकर समाचार पत्रों में भी खबरें भी प्रकाशित हुई थी। इसकी गंभीरता से लेते हुए एसडीएम सलूणी ने टीम गठित कर डांड में जाकर मामले की जांच करने के निर्देश दिए। इसको देखते हुए वीरवार को टीम ने डांड में जाकर डिपो में दिए जाने वाले राशन को जांचा।
जिस दाल का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ था। विभागीय टीम ने उस दाल का सैंपल भी भरा। इसमें खाद्य आपूर्ति विभाग के निरीक्षक भूपेंद्र सिंह और सौरभ वशिष्ठ मौजूद रहे। सैंपल को विभाग की ओर से जांच के लिए सरकारी लैब में भेजा जाएगा।
यहां पर दाल की गुणवत्ता जांची जाएगी। गुणवत्ता में फेल होने पर विभाग दाल सप्लाई करने वाली कंपनी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करेगी। इस मामले को लेकर विभागीय टीम ने डिपो होल्डर और क्षेत्र के डिपो धारकों से पूछताछ की है। आगामी कार्रवाई सैंपल की रिपोर्ट आने के बाद ही होगी।