नकरोड़ (चंबा)। तीसा से जसौरगढ़ के लिए सरकारी राशन की सप्लाई लेकर निकला ट्रक बीच रास्ते में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे की खबर सुनते ही संबंधित विभाग के अधिकारियों के हाथ-पांव फूल गए।
दरअसल, सरकारी राशन तीसा से जसौरगढ़ के लिए जाना था, लेकिन इसकी सप्लाई लेकर ट्रक दूसरी दिशा में सनवाल की तरफ निकल गया। राशन की बिलिंग भी जसौरगढ़ के नाम पर थी। सनवाल पहुंचने से पहले ही ट्रक खाई में गिर गया। मौके से चालक भी फरार हो गया। लापरवाही के बाद हुए इस हादसे की सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंचकर विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने राशन की खेप को कब्जे में लेकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया है। राशन की सप्लाई को लेकर गलत दिशा में ले जाने का ठीकरा ट्रक चालक के सिर पर फोड़ दिया है। हालांकि, अभी तक मामले में स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है कि सरकारी राशन की सप्लाई जसौरगढ़ के बजाय सनवाल की तरफ कैसे चली गई। स्थानीय लोग आरोप लगा रहे हैं कि यदि ट्रक दुर्घटनाग्रस्त नहीं होता तो यह राशन ब्लैक में बेचा जाना था, लेकिन दुर्घटना होने से पोल खुलकर सामने आ गई। अब इस बात का खुलासा होना है कि राशन की सप्लाई जसौरगढ़ के बजाय सनवाल के लिए संबंधित ठेकेदार ने रवाना की या विभागीय अधिकारी की मिलीभगत से ऐसा हुआ है।
जानकारी के अनुसार बुधवार को तीसा से सरकारी राशन लेकर ट्रक जसौरगढ़ के लिए रवाना किया गया। ट्रक चालक जसौरगढ़ मार्ग पर जाने के बजाय सनवाल मार्ग पर निकल गया। पांच किलोमीटर दूर जाकर ट्रक दुर्घटनाग्रस्त होकर खाई में गिर गया। इसके बाद चालक मौके से भाग गया। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस और संबंधित विभाग को दी। पुलिस और विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंच गए। वीरवार को राशन से भरी बोरियों को खाई से निकालकर विभाग ने कब्जे में ले लिया। विभाग अभी तक यह खुलासा नहीं कर पाया है कि सरकारी राशन जसौरगढ़ के बजाय सनवाल कैसे रवाना हो गया।
उधर, सिविल सप्लाई के एरिया मैनेजर यशपाल शर्मा ने बताया कि तीसा से राशन की सप्लाई जसौरगढ़ के लिए भेजी गई थी। ट्रक चालक सप्लाई को अपनी मर्जी से सनवाल मार्ग पर ले गया। इसको लेकर विभाग अपने स्तर पर जांच कर रहा है।