चंबा। ऐतिहासिक चंबा चौगान नंबर-3 दोपहिया वाहनों के लिए सुबह 9:00 बजे से शाम 9:00 बजे तक शुक्रवार से खोल दिया जाएगा।
प्रशासन के आदेशानुसार अब नगर परिषद चंबा के जरनल हाउस में इस पर मुहर लग गई है। जनरल हाउस की बैठक की अध्यक्षता नगर परिषद की अध्यक्ष नीलम नैय्यर ने की। अध्यक्ष ने बताया कि तीन नंबर चौगान में दो पहिया वाहनों को पार्क करने के लिए सभी पार्षदों की राय ली गई है। अब तीन नंबर चौगान को दोपहिया वाहनों के लिए खोल दिया जाएगा, जिससे शहर में रोजाना लग रहे जाम से छुटकारा मिल सके। इसके अलावा जनरल हाउस में शहर के विकासात्मक कार्यों को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई। अध्यक्ष ने कहा कि शहर के जितने भी विकासात्मक कार्य अधर में लटके हैं, उन्हें जल्द से जल्द पूरा किया जाए।
बता दें कि शहर में जगह-जगह दो पहिया वाहनों की कतारें लगी रहती हैं। इससे हर दिन जाम की समस्या उत्पन्न होती है। जाम जैसी ज्वलंत समस्या का समाधान करने के लिए बीते दिनों प्रशासन ने नगर परिषद चंबा को चौगान नंबर तीन में दोपहिया वाहनों को पार्क करने के लिए अनुमति दी है। इसके तहत वीरवार को नगर परिषद के जनरल हाउस में इस निर्णय पर अंतिम मुहर लग गई है। अब शुक्रवार से दो पहिया वाहन चालक अपने वाहनों को सुबह 9 बजे से लेकर रात 9 बजे तक निशुल्क पार्क कर सकेंगे। इससे शहर में बढ़ते वाहनों के जाम से निजात मिलने के साथ-साथ लोगों को भी राहत मिलेगी। जनरल हाउस की बैठक में नगर परिषद के कार्यवाहक कार्यकारी अधिकारी संदीप कुमार, सभी वार्ड पार्षदों समेत नप कर्मचारी मौजूद रहे।