चंबा। चंबा से लंगेरा की ओर जा रही हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की एक बस वीरवार सुबह खराब हो गई, जिससे यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ी। यह बस सुबह 6:00 बजे चंबा से रवाना हुई थी, लेकिन धारगला के पास पहुंचते ही तकनीकी खराबी के चलते बंद हो गई। बस में सवार यात्रियों के मुताबिक अचानक बस की गति कम होने लगी और कुछ देर बाद इंजन ने पूरी तरह काम करना बंद कर दिया। चालक और परिचालक ने मौके पर ही गड़बड़ी ठीक करने का प्रयास किया, लेकिन बस दोबारा स्टार्ट नहीं हो सकी। इस दौरान बस में बैठे स्कूली छात्रों, कर्मचारियों, बुजुर्गाें और महिलाओं को सड़क के किनारे घंटों इंतजार करना पड़ा। कई यात्रियों को वैकल्पिक साधनों से आगे की यात्रा करनी पड़ी, जबकि कुछ लोग निर्धारित समय पर अपने कार्यस्थलों और स्कूल नहीं पहुंच सके। यात्रियों ने परिवहन निगम से बसों की समय-समय पर तकनीकी जांच और रखरखाव पर जोर देने की मांग की है।
यात्री राम किशन, देव राज, मनीष कुमार, सुरेश कुमार, सीमा देवी, कुसुम देवी और रोमिता ने बताया कि यह कोई पहली बार नहीं हुआ कि पहले भी कई बार बस आधे रास्ते हांफ जाती है। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई बार उन्होंने लिखित में भी शिकायत की, लेकिन समस्या का आज दिन तक समाधान नहीं हो पाया है। हर दिन वही समस्या देखने को मिल रही है।
एचआरटीसी के डीडीएम शूगल सिंह का कहना है कि बस को मरम्मत के लिए वर्कशॉप भेजा है और घटना की जांच की जा रही है। भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।