सिहुंता (चंबा)। सिहुंता, कामला और समोट इलाकों के खेतों में इन दिनों धान की फसल पक कर तैयार हो चुकी है और कटाई का कार्य पूरे जोरों पर है। सुबह की ठंडी हवाओं के बीच किसान परिवार पूरे उत्साह से खेतों में जुटे हैं। नवंबर तक यह कटाई का सिलसिला जारी रहेगा।
किसानों ने बताया कि इस साल फसल अच्छी हुई है, लेकिन अब मौसम का साफ रहना बेहद जरूरी हो गया है। खेतों में कटाई और सुखाई का कार्य साथ-साथ चल रहा है, ऐसे में बारिश हुई तो कटी हुई फसल को गंभीर नुकसान हो सकता है। स्थानीय किसान बीरबल, किशोरी लाल, चमन सिंह, बलदेव सिंह और रतन लाल ने बताया कि यदि मौसम ने साथ दिया तो आगामी 15 से 20 दिन में अधिकतर कटाई पूरी हो जाएगी। कई स्थानों पर फसल को खेतों में ही सुखाया जा रहा है, जिससे समय और श्रम की बचत हो रही है। खास बात यह है कि खेतों में केवल फसल ही नहीं कट रही बल्कि यह काम एक सामूहिक ग्रामीण उत्सव का रूप भी ले चुका है। बुजुर्ग, युवा, महिलाएं और बच्चे सभी अपने-अपने तरीके से इसमें सहयोग कर रहे हैं।
इस बीच, कृषि विभाग के उपनिदेशक डॉ. भूपेंद्र सिंह ने किसानों को सलाह दी है कि वे मौसम पूर्वानुमान पर नियमित नजर रखें और कटी हुई फसल को जल्द सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाएं, ताकि किसी भी संभावित नुकसान से बचा जा सके।