सिहुंता (चंबा) चंबा से शिमला जा रही हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की बस बीच रास्ते में खराब हो गई। बस सोमवार सुबह करीब 4:00 बजे रवाना हुई थी, लेकिन लिंक रोड समोट के पास खराब हो गई। दूसरी बस आने में एक घंटा लगा, जिससे ठंड में लोगों को ठिठुरना पड़ा।
कुछ यात्रियों ने मजबूरी में निजी वाहनों का सहारा लिया, जबकि कुछ को दूसरी बस में एक घंटे बाद जाना पड़ा। ठंड के मौसम में खुले में इंतजार करना यात्रियों के लिए और मुश्किल बन गया।
यात्री कुलदीप शर्मा, नीना देवी, रोशन लाल, अशोक कुमार, मनोज कुमार, शाम सिंह और बिहारी लाल ने बताया कि यह पहली बार नहीं हुआ। लगभग हर दूसरे दिन किसी न किसी सरकारी बस में तकनीकी खराबी आ जाती है। इस रूट पर चलने वाली बसें पुरानी हो चुकी हैं। कई बार ड्राइवर भी मजबूर होते हैं, क्योंकि वाहन की हालत खराब है।
उधर, एचआरटीसी चंबा के डीडीएम शुगल सिंह का कहना है कि बस में तकनीकी खराबी आने के कारण यह समस्या हुई। यात्रियों को दूसरी बस से आगे भेजा गया। जल्द ही पुरानी बसों को बदलने और मरम्मत कार्य तेज करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।