चंबा के बनीखेत में गैस सिलेंडर भरवाते उपभोक्ता।
बनीखेत (चंबा)। अमेरिका-इस्रराइल और ईरान के बीच छिड़े युद्ध के बीच देश के कई इलाकों से गैस सप्लाई की कमी की खबरें आ रही हैं। वहीं, डलहौजी क्षेत्र की एकमात्र गैस एजेंसी डलहौजी गैस सर्विस ने अपने क्षेत्र के तहत डलहौजी, बनीखेत अमर ढाबा, बनीखेत पोस्ट ऑफिस, बनीखेत पुखरी, रुलियानी, भडीनी, भडियाट्टा और सालवां मांझली /ग्रेल में शुक्रवार को भी गैस सप्लाई की गाड़ियां भेजीं।
डलहौजी गैस एजेंसी के मालिक परमजीत सिंह ने बताया कि गैस की घरेलू गैस की कोई किल्लत नहीं है। रुटीन में एजेंसी की गाड़ियां गांव-गांव तक घरेलू गैस की सप्लाई कर रही हैं। साथ ही यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि प्रत्येक उपभोक्ता तक गैस बिना किसी परेशानी के पहुंचे। उन्होंने बताया कि सिलिंडर लेने के लिए डीएसी नंबर जो ओटीपी के रूप में आता है, देना अनिवार्य है। सर्वर डाउन होने की स्थिति में डीएसी नंबर (ओटीपी) नहीं भी आ रहा तो भी किसी को बिना सिलिंडर के नहीं लौटाया जा रहा। उन्होंने बताया कि उपभोक्ता व्हाट्सएप नंबर 75888-88824 पर मैसेज भेजकर या फिर ऑनलाइन http://cx.indianoil.in/ पर भी बुकिंग करवा सकते हैं। व्यावसायिक गैस सिलिंडरों पर सरकार की ओर से पूरी तरह से रोक होने के चलते व्यापारियों को गैस सिलिंडर नहीं मिल रहा है। जो शिक्षण संस्थान हॉस्टल चलाते हैं, उनमें पढ़ रहे बच्चों को किसी प्रकार की कोई असुविधा न हो, इसलिए स्कूलों को व्यावसायिक सिलिंडरों की आपूर्ति की जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाहों में आने से बचना चाहिए और जरूरत के अनुसार गैस सिलिंडर भरवाने चाहिए। घरेलू उपभोक्ताओं को किसी भी प्रकार से गैस की कमी नहीं आने दी जाएगी।