संवाद न्यूज एजेंसी
बनीखेत (चंबा)। बेली पंचायत के प्रधान कैप्टन जैसी राम ने डलहौजी गैस एजेंसी की ओर से क्षेत्र में नियमित गैस आपूर्ति न किए जाने पर एसडीएम और गैस एजेंसी को शिकायत पत्र भेजा है।
उन्होंने करीब छह माह से चली आ रही समस्या का समाधान करवाकर उपभोक्ताओं को नियमित गैस सिलिंडर उपलब्ध करवाने की मांग की है।
प्रधान ने बताया कि डलहौजी गैस एजेंसी के अधीन सलूणी से ककीरा तक उपभोक्ता आते हैं। छह माह से नियमित आपूर्ति न होने से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। कई उपभोक्ताओं को समय पर सिलिंडर नहीं मिल रहे हैं। एजेंसी संचालक को पहले भी समस्या से अवगत करवाया गया था लेकिन स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। शिकायत में तीन प्रमुख मांगें रखी गई हैं। इनमें उपभोक्ताओं को महीने में कम से कम एक बार गैस उपलब्ध करवाना, गैस की गाड़ी के रूट और तारीखों की मासिक समयसारिणी जारी करना और एजेंसी में आने वाले फोन कॉल अटेंड कर उपभोक्ताओं की शिकायतों का तुरंत समाधान करना शामिल है। प्रधान ने चेतावनी दी कि यदि 31 अगस्त तक मांगों पर कार्रवाई या उचित आश्वासन नहीं मिला तो बड़ी संख्या में उपभोक्ता गैस एजेंसी पहुंचकर धरना-प्रदर्शन करेंगे। उधर, एसडीएम डलहौजी अनिल भारद्वाज ने कहा कि बेली पंचायत के लोगों को गैस मिलने में आ रही समस्या के समाधान के लिए उचित कदम उठाए जाएंगे।