संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। मेडिकल कॉलेज के बाहर बेतरतीब तरीके से खड़े वाहनों के कारण आए दिन ट्रैफिक जाम की स्थिति बन रही है। सोमवार दोपहर करीब एक बजे लगे जाम में तीन एंबुलेंस भी फंस गईं।
करीब 15 मिनट तक एंबुलेंस के जाम में फंसे रहने से मरीजों को अस्पताल पहुंचने में देरी हुई। गनीमत रही कि इस दौरान किसी मरीज की हालत गंभीर नहीं हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सोमवार को मेडिकल कॉलेज के बाहर वाहनों की लंबी कतार लग गई। टैक्सियों और अन्य निजी वाहनों के सड़क किनारे बेतरतीब खड़े होने के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई।
इसी दौरान मरीजों को लेकर अस्पताल पहुंच रही तीन एंबुलेंस भी जाम में फंस गईं। काफी मशक्कत के बाद करीब 15 मिनट में एंबुलेंस को वहां से निकाला जा सका। स्थानीय लोगों चमन सिंह, जय सिंह, विनोद कुमार, सुरेश ठाकुर, रमन कुमार, महिंद्र सिंह और केवल ने बताया कि मेडिकल कॉलेज के बाहर अकसर टैक्सी और अन्य वाहन सड़क किनारे खड़े रहते हैं। इससे किसी भी समय जाम लग जाता है।
उन्होंने पुलिस प्रशासन से अस्पताल के बाहर यातायात व्यवस्था को सुधारने और बेतरतीब पार्किंग पर रोक लगाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि एंबुलेंस में गंभीर मरीज भी हो सकते हैं।
ऐसे में जाम के कारण इलाज में देरी होने पर मरीज की जान तक खतरे में पड़ सकती है। इसलिए अस्पताल के बाहर यातायात व्यवस्था को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त किया जाना जरूरी है।
पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने बताया कि जाम की समस्या का शीघ्र समाधान किया जाएगा।