जनजातीय उपमंडल भरमौर का प्रवास कर यहाँ विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण (साडा) की आयोजित बैठक की
भरमौर (चंबा)। जनजातीय उपमंडल भरमौर में क्षेत्र विकास प्राधिकरण (साडा) के अंतर्गत आने वाली पंचायतों में डोर-टू-डोर कूड़ा उठाने की व्यवस्था शुरू की जाएगी।
इसके लिए उपायुक्त अपूर्व देवगन ने खंड विकास अधिकारी को योजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं। साडा क्षेत्र में आने वाली तीन पंचायतों की आबादी करीब दस हजार है।
डीसी ने शनिवार को साडा की बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने कहा कि साफ-सफाई व्यवस्था सुनिश्चित बनाने के लिए डोर-टू-डोर कूड़ा एकत्रीकरण और प्लास्टिक कचरा प्रबंधन की प्रभावी व्यवस्था की जरूरत है। उपायुक्त ने निर्देश दिए कि साडा क्षेत्र में भवन निर्माण गतिविधियों को प्रदेश नगर एवं ग्राम नियोजन अधिनियम के अनुसार करवाया जाए। भवन निर्माण के लिए नक्शे के स्वीकृति की व्यवस्था की जाए। पुराना बस स्टैंड भरमौर से लेकर हेलीपैड और भरमाणी माता मंदिर मार्ग में स्ट्रीट लाइट्स साडा के माध्यम से लगाई जाएंगी। बैठक में पुराने बस स्टैंड भरमौर के समीप निर्मित पार्किंग को लेकर भी चर्चा के दौरान उपायुक्त ने शुल्क आधारित व्यवस्था शुरू करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। जिम शुरू करने के लिए आवश्यक कदम उठाने के लिए कहा। बैठक के दौरान साडा के तहत निर्मित विभिन्न परिसरों से आय, वर्तमान में सुलभ इंटरनेशनल संस्था की ओर से सफाई व्यवस्था सहित दूसरे विभिन्न मामलों को लेकर भी चर्चा की गई।
अतिरिक्त उपायुक्त भरमौर नवीन तंवर ने विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण के तहत किए जा रहे विभिन्न कार्यों का ब्योरा रखा। बैठक की कार्यवाही का संचालन एसडीएम कुलबीर सिंह राणा ने किया। बाद में उपायुक्त ने राजकीय प्राइमरी तथा उच्च पाठशाला सठली का निरीक्षण किया। मिड-डे मील और शिक्षा की गुणवत्ता की जांच के साथ विद्यार्थियों के साथ संवाद भी किया। बैठक में खंड विकास अधिकारी अनिल गुराड़ा, अधिशासी अभियंता जल शक्ति हरमिंदर चौणा, सहायक अभियंता विद्युत संतोष कुमार, सहायक अभियंता विशाल चौधरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।