भरमौर-पठानकोट हाईवे पर हेलीपैड के नीचे रावी में कूड़ा फैंकती गाड़ी। संवाद
चंबा। शहर को साफ-सुथरा करने के लिए प्रयासरत नगर परिषद और जिला प्रशासन के प्रयासों पर ठेकेदार पानी फेर रहे हैं।
एक तरफ डोर-टू-डोर कूड़ा एकत्रित किया जा रहा है तो दूसरी तरफ सफाई ठेकेदार कूड़े को कूड़ा संयंत्र कुरांह पहुंचाने के बजाय रावी के किनारे ठिकाने लगा रहे हैं। ऐसा ही एक मामला शनिवार को सुबह के समय सामने आया। यहां ठेकेदार की गाड़ी शहर से एकत्रित किए कूड़े-कर्कट को सुल्तानपुर हेलीपैड के समीप रावी किनारे ठिकाने लगाते दिखी। हैरानी की बात है कि ठेकेदारों को कूड़ा कुरांह संयंत्र पहुंचाने के निर्देश नगर परिषद चंबा की ओर से जारी किए गए हैं, मगर ठेकेदार नगर परिषद के इन आदेशों की अवहेलना तो कर रहे हैं। रावी नदी के किनारे गंदगी फेंक रहे हैं।
जानकारी के अनुसार शहर में सफाई व्यवस्था को बेहतर करने के लिए 11 वार्डाें को तीन जोन में बांटा गया है, जिससे सफाई व्यवस्था बेहतर हो सके। हालांकि, नगर परिषद चंबा का डोर-टू-डोर अब तक काफी हद तक सफल रहा है। अब ठेकेदार घरों से एकत्रित किए गए कूड़े को ठिकाने में नहीं पहुंचा रहे हैं। मसलन, शहर को साफ-सुथरा करने के नगर परिषद और जिला प्रशासन के प्रयासों को बेहतर रिस्पांस नहीं मिल रहा है। गौरतलब है कि शहर में सफाई के नाम पर हर साल करीब एक करोड़ रुपये की राशि खर्च की जाती है, लेकिन ठेकेदार कूड़े का निष्पादन सही ढंग से नहीं कर रहे हैं। उधर, नगर परिषद चंबा की अध्यक्ष नीलम नैय्यर ने कहा कि यह मामला ध्यान में लाया गया है। कहा कि इस बारे में ठेकेदार से जवाब तलब किया जाएगा। साथ ही नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।