चंबा। जिले में अब तक स्वास्थ्य विभाग 300 से अधिक लोगों के सैंपल कोरोना जांच के लिए लिए हैं। अभी तक चंबा जिले में छह सैंपल पॉजिटिव आए हैं। इनमें से चार संक्रमित जोकि नेरचौक मंडी में भर्ती थे उनकी रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी है। चंबा में अब दो ही लोग कोरोना संक्रमित हैं। इनका उपचार टांडा मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। इनके निगेटिव होते ही चंबा जिला कोरोना मुक्त हो जाएगा। स्वास्थ्य विभाग कोरोना महामारी के खतरे को देखते हुए रोजाना जांच के लिए सैंपल ले रहा है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला स्वास्थ्य अधिकारी सहित अन्य स्वास्थ्य अधिकारी पूरी प्लानिंग के साथ कार्य कर रहे हैैं।
विभाग की ओर से सैंपल लेने को लेेकर एक दिन पहले ही क्षेत्र तय कर दिए जाते हैं। सैंपल एकत्रित करने के लिए विभाग की ओर से डॉक्टरों की विभिन्न टीमों का गठन किया गया है। जोकि बारी-बारी से कोरोना के सैंपल ले रही हैं। डॉक्टरों की सुरक्षा के लिए उन्हें पीपीई किट प्रदान की गई है। इसके अलावा मोबाइल सैंपलिंग वैन से भी सैंपल लिए जा रहे हैं।
जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर गुरमीत कटोच ने बताया कि चंबा जिला में अब तक तीन सौ से अधिक सैंपल लिए जा चुके हैं। विभाग की ओर से सैंपल लेने की प्रक्रिया को तेज किया जा रहा है। ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों में कोरोना संक्रमण की जांच की जा सके। चंबा में पिछले पांच दिनों से एक भी नया मामला सामने नहीं आया है।