चंबा। चंबा विस क्षेत्र के अंतर्गत साहो और जडेरा सेक्शन के तहत गांव संगेरा, मसवाड़ी, सालून, कोट, चरुणी में स्वास्थ्य विभाग की टीमों को घर-घर जाकर बच्चों की स्क्रीनिंग करने के दौरान चार और बच्चे खसरा संक्रमण से पीड़ित पाए गए। सभी बच्चों को होम आइसोलेट किया जा रहा है। इनमें खसरा संक्रमण से संबंधित लक्षण मिल रहे हैं। अब क्षेत्र में खसरा संक्रमण से पीड़ित होने वालों का आंकड़ा 24 पहुंच गया है।
चंबा विधानसभा क्षेत्र में अब तक जितने भी बच्चे खसरा बीमारी से संक्रमित मिले हैं उन सभी बच्चों का टीकाकरण नहीं हुआ था। इसके चलते ये बच्चे बीमारी की चपेट में आए हैं। हालांकि स्वास्थ्य विभाग हर वर्ष टीकाकरण को लेकर राज्य को अपने जिला स्तर पर लक्ष्य की प्राप्ति की रिपोर्ट बनाकर भेजता है। ऐसे में टीकाकरण में हुई चूक को लेकर भी सवालिया निशान खड़े हो रहे हैं। फील्ड स्टाफ जैसे आशा वर्कर हों या स्वास्थ्य कार्यकर्ता उन्होंने अपने क्षेत्र के बच्चों का संपूर्ण टीकाकरण नहीं किया। यही कारण है कि सिल्लाघ्राट, जडेरा और साहो में बच्चे खसरा बीमारी से पीड़ित मिले हैं। यह आंकड़ा अब ओर बढ़ता प्रतीत हो रहा है।
अब तक जो भी बच्चे खसरा बीमारी से पीड़ित मिले हैं वे सभी घुमंतू समुदाय से संबंधित हैं। ऐसे में उनके बच्चों के टीकाकरण को लेकर अभी तक विभाग ने कोई प्रावधान नहीं किया है। इसमें समुदाय की गलती भी देखने को मिल रही है क्योंकि अभिभावकों ने जन्म के उपरांत अपने बच्चों का संपूर्ण टीकाकरण नहीं करवाया। इसके चलते बच्चे संक्रमण की चपेट में आ गए। फिलहाल स्वास्थ्य विभाग की टीमें रोजाना साहो, सिल्लाघ्राट और जडेरा के इलाकों में जाकर स्क्रीनिंग कर रही हैं। स्क्रीनिंग अभियान तब तक जारी रहेगा जब तक इलाके में खसरा से संक्रमित बच्चे मिलना बंद नहीं हो जाते। जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर जालम भारद्वाज ने बताया कि स्क्रीनिंग अभियान जारी है। मंगलवार को चार बच्चे और संक्रमित पाए गए हैं जिन्हें होम आइसोलेट किया गया है।