चंबा। पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेसी नेता वीरभद्र सिंह की अस्थियां विधिवत ढंग से जिला मुख्यालय भगोत नामक स्थान पर रावी और साल नदियों के संगम स्थल पर विसर्जित कर दी गई। इस दौरान जिला कांग्रेस और ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों सहित विभिन्न कांग्रेस फ्रंटल संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे।
कला केंद्र मंच पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद जिलाध्यक्ष नीरज नैयर और ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष करतार सिंह ठाकुर की अगुवाई में अस्थि कलश यात्रा ने रावी और साल नदियों के संगम स्थल के लिए प्रस्थान किया। चंबा मुख्य बाजार से गुजरते समय दुकानदारों ने भी पूर्व मुख्यमंत्री के अस्थि कलश पर पुष्पांजलि अर्पित की। अंत में रावी तट पर वैदिक रीति से अस्थियों का विसर्जन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने राजा साहब अमर रहे के नारों से वातावरण को गुंजायमान कर दिया।
इस अवसर पर जिला महासचिव नरेश राणा, कपिल भूषण, राज सिंह ठाकुर, हरदीप सिंह, जगदीश हांडा, पंडित लक्ष्मीधर, दीपक कुमार, भानु प्रताप जसरोटिया,जीवन सलारिया, जितेंद्र सूर्या, देवराज शर्मा, ओमप्रकाश, भूपेंद्र शर्मा राजू, डिंपल ठाकुर, जितेंद्र मैहरा, राकेश कुमार, राजेंद्र कुमार, अब्दुल गनी, आरिफ मलिक आदि मौजूद रहे।