चंबा बन्नू पहाड़ के जंगल में लगी आग से उठता धुंआ।संवाद
दस हेक्टेयर वन भूमि पर फैली आग, वन विभाग ने अज्ञात लोगों के खिलाफ दर्ज करवाई प्राथमिकी
पुलिस और वन विभाग की टीमें आग लगाने वालों की तलाश में जुटीं
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। वन संपदा को आग लगाने वाले अज्ञात लोगों के खिलाफ वन विभाग ने पुलिस में प्राथमिकी दर्ज करवा दी है। अब पुलिस और वन विभाग की टीमें जंगल में आग लगाने वालों का पता करने में जुट गई हैं। तीन दिन पहले बन्नू पहाड़ पर अज्ञात लोगों ने आग लगा दी। यह आग दस हेक्टेयर क्षेत्र में फैल गई। इससे लाखों की वन संपदा राख हो गई है।
वन परिक्षेत्र अधिकारी ने इसकी शिकायत पुलिस थाना चंबा में दर्ज करवा दी है ताकि आग लगाने वाले को पकड़ा जा सके। फिलहाल पुलिस और वन विभाग की टीमों ने आग से राख हुए जंगल का निरीक्षण कर लिया है। अब आग लगाने वालों को पकड़ने के लिए तफ्तीश की जा रही है।
वन परिक्षेत्र अधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि बन्नू पहाड़, कोलका मार्ग के साथ लगते जंगल के अलावा करियां के साथ लगते जंगल में अज्ञात लोगों ने आग लगाई है। इसे बुझाने के लिए विभागीय कर्मचारी डटे रहे। देर रात तक भी आग बुझाने का कार्य चलता रहा। सबसे ज्यादा नुकसान बन्नू पहाड़ के जंगल में हुआ है। वहां दस हेक्टेयर वन भूमि में आग फैली रही। वन मंडल अधिकारी कृतज्ञ कुमार ने बताया कि विभाग ने पुलिस में इसकी एफआईआर दर्ज करवा दी है लेकिन लोगों की मदद के लिए बिना जंगल में आग लगाने वालों को पकड़ना मुश्किल है। इसलिए लोगों को वन संपदा बचाने के लिए विभाग का सहयोग करना चाहिए।