रेडियम टेप खराब होने से हादसों का खतरा, टकराकर बाइक सवार घायल
वाहन चालकों ने नई रेडियम टेप लगाने और रोशनी की व्यवस्था करने की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। चंबा-तीसा मार्ग पर बडोह में वन विभाग का बैरियर रात के समय वाहन चालकों के लिए खतरा बन गया है। बैरियर पर लगी रेडियम टेप खराब होने से यह अंधेरे में दूर से दिखाई नहीं देता।
ऐसे में चालकों को सामने अवरोध होने का समय रहते पता नहीं चल पाता। वीरवार रात करीब 12 बजे एक बाइक सवार बैरियर से टकराकर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज चंबा पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
वाहन चालकों में सुरेश कुमार, चमन सिंह, रवि कुमार, प्रेम सिंह, किशोर, रविंद्र और मनोज कुमार ने बताया कि बैरियर पर लगी रेडियम टेप खराब हो चुकी है। रात में इसकी पहचान करना मुश्किल हो जाता है। इससे पहले भी कई वाहन इससे टकरा चुके हैं। उन्होंने कहा कि विभाग को किसी बड़े हादसे का इंतजार करने के बजाय बैरियर को सुरक्षित बनाने के लिए तुरंत कदम उठाने चाहिए।
चालकों ने वन विभाग से बैरियर पर नई रेडियम टेप लगाने और रात में इसे दूर से दिखाई देने के लिए रोशनी की व्यवस्था करने की मांग की है, ताकि वाहन चालक समय रहते गति नियंत्रित कर सकें और दुर्घटनाओं से बचा जा सके। उधर, वनमंडल अधिकारी चंबा कृतज्ञ कुमार ने बताया कि बैरियर पर जल्द ही नई रेडियम टेप लगाई जाएगी।