विदेशी पर्यटकों ने रद्द करवाई पांगी भ्रमण की बुकिंग
पहलगाम में आतंकी हमले के बाद लिया निर्णय
अब आठ जून को सुराल आएगा कोलकाता का दल
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमला होने के बाद हिमाचल के पर्यटन स्थलों से सैलानी गायब हो गए। वहीं, जनजातीय क्षेत्र पांगी के सुराल में भ्रमण के लिए पहुंचने वाले विदेशी सैलानियों ने अपनी बुकिंग भी रद्द करवा दी। यूएस, साउथ अफ्रीका, न्यूजीलैंड और नीदरलैंड से विदेशी मेहमानों ने पांगी के सुराल में बुकिंग करवाई थी लेकिन मई में पाकिस्तान और भारत के बीच जंग जैसे हालात हो गए। इसके चलते विदेशी मेहमानों ने टूरिस्ट गाइड वीर सिंह के टेंट हाउस में करवाई बुकिंग को रद्द करवा दिया। विदेशी सैलानियों का ग्रुप बाइकों से वाया किश्तवाड़ होते हुए पांगी जाना था।
विदेशी मेहमानों ने 21 से लेकर 27 मई तक सुराल में टेंटे हाउस में ठहरने की बुकिंग करवाई थी। तीन ग्रुप बुकिंग के दौरान वहां पहुंचने थे। अब हालात सामान्य होने पर कोलकाता के ग्रुप ने आठ जून को सुराल में अपनी बुकिंग करवाई है। यह ग्रुप तीन दिन तक सुराल में टेंट हाउस में ठहरेगा। टेंट हाउस के संचालक एवं टूरिस्ट गाइड बीर सिंह ने बताया कि उनके पास विदेशी मेहमानों की इस माह तीन बुकिंग थीं लेकिन पहलगाम आतंकी हमले के बाद यह बुकिंग रद्द हो गई। कोलकाता का एक दल आठ जून को पांगी पहुंचेगा।