चंबा। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चकलू में ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ योजना के तहत विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने केरल राज्य के पारंपरिक व्यंजनों को बनाकर प्रदर्शित करके भारतीय संस्कृति की विविधता को सुंदर रूप से प्रस्तुत किया। छात्रों ने अप्पम, इडियप्पम, पुट्टू, सांभर और अवियल जैसे केरल के लोकप्रिय व्यंजन तैयार किए। कार्यक्रम में सभी छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। स्टॉल्स को पारंपरिक सजावट से सजाया गया था। ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ के नोडल अधिकारी ओम प्रकाश शर्मा ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य छात्रों को देश की विभिन्न संस्कृतियों से जोड़ना और उनमें एकता की भावना विकसित करना है।