हिमाचल दिवस के अवसर पर चंबा के चौगान में झंडा फहराते वन मंत्री राकेश पठानिया।
- फोटो : Chamba
चंबा। चौगान में वन, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री राकेश पठानिया की अध्यक्षता में जिला स्तरीय हिमाचल दिवस समारोह मनाया गया। वन मंत्री ने ध्वजारोहण करने के बाद पुलिस, गृह रक्षा और एनसीसी की मार्चपास्ट की सलामी ली। मार्चपास्ट का नेतृत्व सब इंस्पेक्टर अर्जुन सिंह ने किया।
मुख्यातिथि ने स्वर्ण जयंती वर्ष और हिमाचल दिवस के उपलक्ष्य पर शपथ भी ग्रहण करवाई। वन मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश सरकार ने जनकल्याण के प्रति अपनी वचनबद्धता निभाते हुए सामाजिक सुरक्षा पेंशन के 1,63,607 नए मामले स्वीकृत किए हैं। सरकार ने 27 दिसंबर 2017 को शपथ ग्रहण समारोह के बाद पहले दिन ही अपनी प्रथम मंत्रिमंडल की बैठक में वृद्धावस्था पेंशन पाने की आयु सीमा को 80 वर्ष से घटाकर 70 वर्ष किया।
इस अवसर पर वन मंत्री ने प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री और हिमाचल निर्माता डॉ. वाईएस परमार को भी याद किया। कहा कि 1971 में जब प्रदेश को पूर्ण राज्य का दर्जा मिला, उस समय पूरे प्रदेश में मात्र 10,670 किलोमीटर लंबी सड़कें थीं। जिनकी लंबाई अब बढ़कर 38,470 किलोमीटर हो चुकी है। वर्तमान में प्रदेश की करीब 99 फीसदी पंचायतें सड़कों से जुड़ चुकी हैं। शिक्षा क्षेत्र में भी हिमाचल प्रदेश ने देशभर में अपनी विशेष पहचान बनाई है। मौजूदा समय में शिक्षण संस्थानों की संख्या 15,553 है। जबकि साक्षरता दर भी 82.80 फीसदी पहुंच चुकी है।
आर्थिक तौर पर कमजोर परिवारों के लिए मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत अब तक 4,417 मकान निर्मित किए जा चुके हैं। डलहौजी स्थित सदर बाजार में निर्माणाधीन बहुउद्देशीय खेल मैदान का निर्माण कार्य भी अपने अंतिम चरण में है। समारोह में गद्दी सांस्कृतिक दल रूणूकोठी, चामुंडा सांस्कृतिक दल देवीकोठी और युवा मंडल सामरा द्वारा आकर्षक पारंपरिक लोकनृत्य प्रस्तुत किए गए। इस मौके पर वन मंत्री ने कोरोना योद्धाओं के अलावा चलो चंबा अभियान के आयोजन से जुड़े लोगों, राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के दौरान आयोजित निबंध और चित्रकला की ऑनलाइन प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत किया।