चंबा के ढ़ुंडियारा बंगला के पास आग लगने के बाद क्षतिग्रस्त मकान।संवाद
बनीखेत (चंबा)। विधानसभा क्षेत्र भटियात की नैनीखड्ड पंचायत के ढुंडियारा बंगला में भीषण अग्निकांड से दो मंजिला मकान के पांच कमरे सामान सहित जलकर राख हो गए।
यह घटना मंगलवार देर रात 3:00 बजे हुई। प्रभावित परिवारों को करीब 15 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।गनीमत यह रही कि अग्निकांड के दौरान मकान में प्रभावित परिवार का कोई सदस्य नहीं था। अन्यथा, बड़ी अनहोनी हो सकती थी। प्रभावित मकान मालिक को करीब 15 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। मंगलवार देर रात को मकान से आग की लपटें उठतीं देख पड़ोसी उपप्रधान ने प्रभावित परिवार को सूचित किया। ग्रामीणों और अग्निशमन विभाग को भी सूचना दी। अग्निशमन विभाग के जवान मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों के साथ आग बुझाने में जुट गए। प्रचंड हो चुकी आग ने देखते ही देखते पूरे मकान को राख के ढेर में बदल दिया। बुधवार सुबह उपप्रधान ने राजस्व विभाग को घटना की सूचना दी। संबंधित पटवारी बलवान सिंह ने मौके पर पहुंच कर प्रभावित परिवार को प्रशासन की ओर से पांच हजार रुपये की फौरी राहत दी। ढुंडियारा बंगला के तीन भाइयों सुरेश राणा, प्रीतम चंद और रमेश कुमार पुत्र हीरा लाल का यह संयुक्त मकान था। तीनों भाइयों ने दूसरी जगह मकान बनाए हैं। वहीं परिवार के साथ रहते हैं। मंगलवार रात को अचानक पुश्तैनी मकान में आग लग गई। धुएं की दुर्गंध से उपप्रधान की नींद खुल गई। उन्होंने प्रभावित परिवार को सूचित किया।
नैनीखड्ड पंचायत के उप प्रधान संजीव कुमार ने कहा कि मंगलवार देर रात को पड़ोसी का लकड़ी के दो मंजिला मकान के पांच कमरे जल गए हैं। मकान से आग की लपटें उठती देख उन्होंने प्रभावितों, ग्रामीणों और अग्निशमन विभाग को सूचित किया। आग से मकान और उसके भीतर रखा सामान जल गया है।
तहसीलदार राहुल धीमान ने बताया कि टीम ने नुकसान का जायजा लिया है। प्रशासन की ओर से प्रभावितों को पांच हजार रुपये की फौरी राहत दी गई है।