चंबा। पंडित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज चंबा में मरीजों की भीड़ को देखते हुए फैसला लिया है कि छुट्टी के दिन आपातकालीन वार्ड में अब पांच इंटर्न डॉक्टर मरीजों का इलाज करने के लिए मौजूद रहेंगे। यह व्यवस्था पहली बार मेडिकल कॉलेज में की गई है। इससे पहले एक मेडिकल अफसर और एक इंटर्न मरीजों की जांच करने के लिए इस वार्ड में छुट्टी के दिन उपलब्ध रहते थे। इसके चलते मरीजों को इलाज करवाने में काफी परेशानी भी होती थी।
छुट्टी के दिन सभी ओपीडी बंद रहती हैं। इसके चलते सभी मरीज आपातकालीन वार्ड में ही पहुंचते हैं। अब यहां मरीजों को बेहतर सेवाएं प्राप्त होंगी। इंटर्न डॉक्टरों की ड्यूटी विभिन्न विभागों से लगाई गई हैं, जो कि सुबह 9 से शाम 4 बजे तक सेवाएं देंगे। इतना ही नहीं, इस वार्ड के ओटी में एक ओटीए की भी ड्यूटी नियमित रूप से लगाई गई है। ऐसे में यदि कोई दुर्घटना प्रभावित मरीज इलाज के लिए आता है तो उसे तुरंत उपचार दिया जा सकेगा। आपातकालीन वार्ड में रोजाना जहां 40 से 50 मरीजों की जांच होती है, जबकि छुट्टी के दिन यहां मरीजों की संख्या 300 के पार हो जाती है।
टेस्ट की फीस भी पास ही जमा करवा सकेंगे
मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने इमरजेंसी में आने वाले मरीजों के टेस्ट की फीस जमा करवाने के लिए भी इसी वार्ड में व्यवस्था कर दी है। अब इन मरीजों को फीस कटवाने के लिए ओपीडी ब्लॉक में संचालित फीस काउंटर में नहीं जाना पड़ेगा।
आपातकालीन वार्ड में बेहतर सेवाएं देने के लिए यह फैसला लिया गया है। मेडिकल अफसर के साथ पांच इंटर्न डॉक्टर छुट्टी के दिन इस वार्ड में सेवाएं देंगे। इससे मरीजों को इलाज करवाने के लिए अधिक समय नहीं लगेगा। डॉ. प्रदीप सिंह, चिकित्सा अधीक्षक, चंबा