संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। जिले में सोमवार को कोरोना के पांच नए मामले सामने आए हैं। इसमें दो मामले जुलाहकड़ी मोहल्ले, दो मामले फ्लू क्लीनिक समेत एक साठ वर्षीय बुजुर्ग, एक अन्य व्यक्ति और एक नागालैंड से भरमौर लौटा व्यक्ति शामिल है। स्वास्थ्य विभाग ने सभी मरीजों को कोविड केयर सेंटर शिफ्ट करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
इसके अलावा मेडिकल कॉलेज के आपातकालीन वार्ड में जांच के लिए आए बुजुर्ग में कोरोना की पुष्टि की के बाद वार्ड को सैनिटाइज किया गया है। विभाग के मुताबिक साठ वर्षीय व्यक्ति रविवार को उपचार के लिए आपातकालीन कक्ष में लाया गया था। उसमें कोरोना संबंधित लक्षण थे।
एहतियातन तौर पर व्यक्ति का सैंपल भी लिया गया। मगर इसी बीच परिजन उसे उपचार के लिए अमृतसर लेकर जाने की बात करते रहे। जबकि चिकित्सकों ने उन्हें टांडा मेडिकल कॉलेज जाने का परामर्श दिया। मगर परिजन उसे उपचार के लिए अमृतसर ले गए। इसके अलावा नागालैंड से भरमौर लौटा 45 वर्षीय व्यक्ति भी कोरोना संक्रमित पाया गया है।
यह व्यक्ति होम क्वारंटीन था, शहर के जुलाहकड़ी मोहल्ले की 72 वर्षीय महिला कोरोना मरीज के संपर्क में आने से संक्रमित हुई है। महिला को उपचार के लिए डीसीएचसी डलहौजी में शिफ्ट किया गया है। फ्लू क्लीनिक में सेरू गांव के 41 वर्षीय और हटनाला मोहल्ले के 51 वर्षीय व्यक्ति की जांच के दौरान सैंपल की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। इन लोगों के संपर्क में आने वाले लोगों की सूची भी तैयार की जा रही है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश गुलेरी ने बताया कि सोमवार को कोरोना के पांच नए मामले सामने आए हैं। कोरोना मरीजों को संबंधित कोविड केयर सेंटरों में शिफ्ट किया गया है। जिले में अभी तक कुल 360 लोग कोरोना संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। जबकि सक्रिय मामले 100 हैं। इसके अतिरिक्त 255 कोरोना मरीज स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं। जबकि तीन मरीजों दम तोड़ चुके हैं।