धड़ोग, जनसाली, सपड़ी और चौंतड़ा वार्ड में स्वच्छता पर लोगों ने जताया असंतोष
नगर परिषद ने शहरवासियों के लिए एप से दी है शिकायत करने की सुविधा
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। नगर परिषद ने हाल ही में शहर में स्वच्छता एप डाउनलोड करवाने के लिए सर्वे किया है। इसमें शहर के विभिन्न वार्डों में कचरा न उठाने की पांच प्रमुख शिकायतों का खुलासा हुआ है।
ये शिकायतें धड़ोग, जनसाली, सपड़ी और चौंतड़ा वार्ड से मिली हैं। इनमें लोगों ने स्वच्छता की स्थिति पर असंतोष जताया है। नगर परिषद की ओर से शहरवासियों को विशेष रूप से स्वच्छता एप डाउनलोड कर सीधे शिकायत दर्ज करवाने की सुविधा दी गई है। इस एप के माध्यम से मिलीं शिकायतों की जांच तुरंत की जा रही है।
नगर परिषद ने साफ किया है कि जिन वार्डों में कचरा नियमित रूप से नहीं उठाया गया, वहां जिम्मेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि यह पहल नागरिकों की सुविधा और स्वच्छता बनाए रखने के लिए महत्वपूर्ण कदम है। नगर परिषद की कार्यकारी अधिकारी राखी कौशल ने लोगों से अपील की है कि वे अपनी जिम्मेदारी निभाएं और किसी भी गंदगी या कचरे की समस्या को एप के माध्यम से तुरंत दर्ज करवाएं। इस पहल से शहर की सफाई व्यवस्था में सुधार होगा और सभी वार्ड समय पर कचरा उठाने की प्रक्रिया को सुनिश्चित करेंगे।