करियां के जिल्लो क्षेत्र में देर रात तक जलती रही वन संपदा, आग लगाने वालों पर कार्रवाई की मांग
पेड़-पौधों के साथ वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास भी खतरे में, ग्रामीणों ने निगरानी बढ़ाने की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। जिले में फायर सीजन समाप्त होने के बावजूद जंगलों में आग लगने का सिलसिला थम नहीं रहा है। सर्दियों की शुरुआत में ही शरारती तत्व रात के अंधेरे में जंगलों को आग के हवाले कर रहे हैं।
रविवार रात करियां के साथ लगते जिल्लो क्षेत्र में जंगल में आग भड़क गई। लपटें देर रात तक पेड़-पौधों और वन संपदा को अपनी चपेट में लेती रहीं। स्थानीय लोगों के अनुसार आग बुझाने के लिए कोई वन कर्मी मौके पर नहीं पहुंचा।
शम्मी कुमार, नरेश, सुंदर लाल, लबू कुमार, हंसराज, नेक सिंह और प्रहलाद शर्मा ने बताया कि रात के समय जंगलों में आग लगाने की घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने वन विभाग से निगरानी बढ़ाने और आग लगाने वालों की पहचान कर कार्रवाई करने की मांग की है। ग्रामीणों ने कहा कि आग से पेड़-पौधों के साथ वन्यजीवों और छोटे जीव-जंतुओं के प्राकृतिक आवास भी नष्ट होते हैं। इससे पर्यावरण और जंगलों की हरियाली को भी नुकसान पहुंचता है।
वन मंडल अधिकारी कृतज्ञ कुमार ने बताया कि कुछ शरारती तत्व जंगलों में आग लगा रहे हैं। सूचना मिलने पर वन कर्मचारी आग बुझाने के लिए मौके पर पहुंच रहे हैं। उन्होंने लोगों से भी ऐसे तत्वों की पहचान कर विभाग को सूचना देने और सहयोग करने की अपील की है।