विकास परियोजनाओं के शिलान्यास के साथ जनसभा को करेंगे संबोधित, देहत्रां में सुनेंगे लोगों की समस्याएं
संवाद न्यूज एजेंसी
चुराह (चंबा)। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू चार और पांच नवंबर को चुराह विधानसभा क्षेत्र के प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वह विकास परियोजनाओं के शिलान्यास, जनसभा और सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।
पांच नवंबर को तीसा में विद्यार्थियों से संवाद करने के साथ नशे के खिलाफ जागरूकता पदयात्रा को भी हरी झंडी दिखाएंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री चार नवंबर को सुबह 11:30 बजे विभिन्न विकास परियोजनाओं के शिलान्यास करेंगे। इसके बाद चुराह कला मंच से जनसभा को संबोधित करेंगे। इसी दिन देहत्रां गांव में सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम आयोजित होगा। इसमें वह क्षेत्रवासियों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनेंगे और संबंधित अधिकारियों को समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश देंगे।
मुख्यमंत्री पांच नवंबर को सुबह 10 बजे राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय तीसा में विद्यार्थियों से संवाद करेंगे। इसके बाद नशे के खिलाफ आयोजित पदयात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। पदयात्रा के माध्यम से युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जाएगा। प्रदेश हज कमेटी के अध्यक्ष दिलदार अली बट्ट ने मुख्यमंत्री के दौरे का स्वागत करते हुए क्षेत्रवासियों से सभी कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है।