चंबा। दिवाली त्यौहार को लेकर अग्निशमन विभाग चंबा ने कमर कस ली है। इस दौरान किसी भी आपात परिस्थिति से निपटने के लिए कर्मचारियों की छुट्टियां भी रद्द कर दी गई है। इस बारे में विभाग ने आदेश जारी कर दिए हैं। लोगों की सुरक्षा के लिए अग्निशमन विभाग ने सुरक्षा संबंधित तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसके अलावा हाइड्रेंटों की जांच भी की जा रही है।
आमतौर पर अग्निशमन विभाग में आठ-दस कर्मचारी तैनात रहते हैं। मगर दिवाली में सभी कर्मचारी कार्यालय में मौजूद होंगे। इनकी ड्यूटी शाम चार बजे से अगले दिन सुबह आठ बजे तक रहेगी। अग्निशमन विभाग की सभी गाड़ियों को दुरुस्त कर दिया गया है।
इसके अलावा कर्मचारियों को किसी भी तरह की आपदा से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए हैं। अग्निशमन विभाग में लीडिंग फायरमैन, चालक और गृहरक्षक सेवारत हैं। किसी भी आग की घटना से बचाव के लिए दुकानदारों को दुकान के बाहर रेत से भरी बाल्टी और बर्तन पानी से भरने का संदेश दिया है।
जिला मुख्यालय में अग्निकांड से निपटने के लिए पानी की तीन गाड़ियां और एक छोटी जीप का प्रबंध किया गया है। बड़ी वोजर गाड़ी में नौ हजार लीटर पानी और दो अन्य वोजर गाड़ियों में 4500 लीटर पानी को स्टोर करने की क्षमता है। विभाग ने शहर के सभी हाइड्रेंट की जांच की जा रही है। इसके अलावा शहर की गलियों के लिए मोटर बाइक वाहन भी उपलब्ध रहेगा।
अग्निशमन विभाग के अधिकारी राजेंद्र चौधरी कुमार ने बताया कि दिवाली को लेकर विभाग मुस्तैद है। उन्होंने कहा कि दिवाली को लेकर कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई है। इसके अलावा हाइड्रेंटों का भी निरीक्षण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि दुकानदारों को भी जागरूक किया जा रहा है। जिससे किसी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।