चंबा। जिला मुख्यालय के साथ लगती हरिपुर पंचायत में सोमवार को एक गोशाला में आग भड़क गई। गोशाला जलने से प्रभावित परिवार को दो लाख रुपये का नुकसान हुआ है। हालांकि दमकल विभाग ने समय रहते आग पर काबू पाकर बड़ी घटना होने से टाल दी। जबकि गोशाला के भीतर बंधी दस जर्सी गायों और उनके बछड़े सुरक्षित बचा लिए गए हैं।
जानकारी के अनुसार सोमवार को दोपहर समय 12:40 पर हरिपुर में किसी कारणवश एक गोशाला में आग भड़क गई।
सूचना मिलते ही दमकलत विभाग की टीम मौके लिए रवाना हुई। इसमें नरेश कुमार, चैन लाल और पवन राणा शामिल थे। विभाग की टीम ने गोशाला में लगी आग पर कड़ी मशक्कत के बाद काबू पाया।
गोशाला की ऊपरी मंजिल में गाय के चारे के लिए घास जमा करके रखी गई थी। जो आग की चपेट में आकर स्वाह हो गई। इसके अलावा गोशाला को भी नुकसान पहुंचा है। दमकल विभाग के मुताबिक आग लगने से करीब दो लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
वहीं आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों के बयान दर्ज किए। गोशाला योगराज और सुनीतू दो भाइयों की है।
फायर अधिकारी राजेंद्र चौधरी ने बताया कि हरिपुर में आग लगने से गोशाला को नुकसान पहुंचा है। हालांकि गोशाला के भीतर बंधे मवेशियों को सुरक्षित बचा लिया गया।