तीसा (चंबा)। ग्राम पंचायत बौंदेड़ी के गांव बौंदेड़ी में बुधवार देर शाम पांच बजे आग लगने से दो मंजिला स्लेटपॉश मकान जल गया। अग्निकांड में मकान के भीतर रखा लाखों का सारा सामान भी जल कर स्वाह हो गया। अग्निकांड में करीब आठ लाख के नुकसान अनुमान हैं। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
जानकारी अनुसार बौंदेड़ी निवासी बृजलाल पुत्र जवाहर पुश्तैनी दो मंजिला स्लेटपॉश मकान में परिवार के साथ रहता था। दो मंजिला मकान के ऊपरी मंजिल पर तीन कमरे और निचली मंजिल में भी तीन कमरे थे। बुधवार शाम करीब सवा पांच बजे मकान की ऊपरी मंजिल से अचानक धुआं उठने लगा। देखते ही देखते आग ने भयंकर रूप धारण कर लिया।
इससे ऊपरी मकान के तीनों कमरे और उनमें रखा सामान जल गया। आग निचली मंजिल में पहुंचने पर ग्रामीणों ने पानी की बाल्टियों और मिट्टी फेंकरआग को बुझाने का भरसक प्रयास किया। मगर वह कामयाब नहीं हुए। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम, राजस्व विभाग की ओर से पटवारी भी मौके पर पहुंचें। राजस्व विभाग की ओर से प्रभावित को दस हजार रुपये फौरी राहत प्रदान की गई।
पंचायत प्रधान बौंदेड़ी जसबंत सिंह ने बताया कि अग्निकांड से बृजलाल का पुश्तैनी मकानसामान जल गया है। उन्होंने प्रशासन से प्रभावित को हर संभव सहायता प्रदान करने की मांग उठाई है। एसडीएम तीसा हेमचंद वर्मा ने बताया कि प्रभावित को प्रशासन की ओर से दस हजार रुपये फौरी राहत प्रदान करवाया गया।
मौके पर पहुंचे विस उपाध्यक्ष
घटना की सूचना मिलते ही विस उपाध्यक्ष और चुराह विस क्षेत्र के विधायक हंसराज बौंदेड़ी पहुंचे। उन्होंने प्रभावित को ढाढस बंधाया। इसके साथ ही हर संभव सहायता प्रदान करने की बात कही।