शहर के बीचोंबीच वीरवार दोपहर करीब एक बजे भड़की भयानक आग से बाजार की तीन दुकानें धधक उठी। जिस समय यह हादसा हुआ बाजार में भारी चहल-पहल थी और हजारों लोग खरीदारी कर रहे थे।
अग्निकांड की इस घटना में करीब बीस लाख रुपये के नुकसान का आकलन किया गया है। पंजाब नेशनल बैंक के बिल्कुल सामने कुलदीप सिंह की ऊन की दुकान से आग की शुरूआत हुई। हादसे का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। हल्की सी चिंगारी से आग भड़की और कुछ ही देर में पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। दुकान के अंदर ऊन और गर्म वस्त्र रखे थे, जो जल गए। आग लगते ही दुकान में मौजूद सभी लोग बाहर भाग आए।
उन्होंने अग्निशमन विभाग को इसकी सूचना दी। अग्निशमन विभाग के एक दर्जन से ज्यादा कर्मचारियों और अधिकारियों ने मौके पर स्थिति को संभालने की कोशिश की। बिजली विभाग ने लाइट काट दी लेकिन आग की लपटों ने पास की दो अन्य दुकानों कपूर बूट हाउस व अंदाज कलेक्शन सेंटर को भी अपनी चपेट में ले लिया। हालांकि भारी संख्या में लोगों के मदद के लिए आगे आने की वजह से इन दोनों दुकानों का ज्यादा नुकसान नहीं हुआ है।
अग्निशमन विभाग व अन्य लोगों की मदद से करीब 45 मिनट बाद इस आग पर काबू पाया जा सका। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे अतिरिक्त दंडाधिकारी शुभकरण सिंह ने सभी प्रभावितों को उचित मुआवजा देने की बात कही है। प्रशासन की ओर से राजस्व विभाग ने कुलदीप सिंह को दस हजार, कपूर बूट हाउस के मालिक अनिल कपूर को ढाई हजार और अंदाज कलेक्शन के मालिक विनोद कुमार को ढाई हजार रुपये की फौरी राहत प्रदान की है।
अग्निशमन विभाग प्रभारी कैलासो राम ने बताया कि आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट हो सकता है। विभाग को एक बजे आग लगने की सूचना मिली थी। जिसके बाद तीन गाड़ियों के साथ वे और उनकी टीम के लीडिंग फायरमैन नरेश, फायरमैन पवन, सुफल, दौलत राम, मनोज व गृह रक्षक अवतार सिंह समेत तीन चालक संजीव, वन सिंह व जितेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे थे। करीब पौने घंटे में आग पर काबू पाया गया।
अतिरिक्त दंडाधिकारी चंबा शुभकरण सिंह ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जाएगी। उन्होंने राजस्व विभाग को सभी प्रभावितों को उचित मुआवजा देने की बात कही। उन्होंने कहा कि प्रशासन सभी प्रभावितों को हुए नुकसान का जायजा लेगा और जल्द ही राहत प्रदान की जाएगी।