चुराह की जुगरा पंचायत के छम्पा गांव में आग लगने से जले सेब के पेड़। संवाद
- फोटो : Chamba
चांजू (चंबा)। चुराह उपमंडल की जुंगरा पंचायत के छम्पा गांव में सेब बगीचे में लगी आग से 80 पेड़ जल गए। घटना मंगलवार दोपहर 12:30 बजे की है। बगीचे से उठता धुआं देखकर ग्रामीणों ने बगीचे के मालिक चरण सिंह को इसके बारे में सूचित किया। मौके पर पहुंचकर प्रभावित ग्रामीणों के साथ आग को बुझाने के लिए जुट गया लेकिन आग की उठती लपटों से सेब के कई अन्य पेड़ भी झुलस गए। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे पटवारी ने नुकसान का आकलन किया।
सेब के पेड़ जलने से प्रभावित को हजारों का नुकसान हुआ है। आशंका जताई जा रही है कि शरारती तत्वों ने बगीचे में आग लगाई है।
गौरतलब है कि ग्रामीण क्षेत्रों में शरारती तत्व जंगलों और बगीचों में आग लगा रहे हैं।
सर्दियों में जमकर हुई बर्फबारी से बागवानों को इस बार उम्दा सेब की पैदावार होने की उम्मीद थी। पेड़ भी फसल से लदे हुए थे लेकिन, बगीचे में लगी आग ने बागवान के अरमानों पर पानी फेर दिया। प्रभावित ने प्रशासन से शरारती तत्वों पर नकेल कसने की मांग उठाई है।
चुराह के तहसीलदार प्रकाश चंद ने बताया कि सूचना मिलने पर संबंधित क्षेत्र के पटवारी को मौके पर भेजा गया है। प्रभावित को नुकसान की रिपोर्ट के हिसाब से सरकार की ओर से निर्धारित मुआवजा दिया जाएगा।